दिल्ली में हो रहे 18वें BRICS सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस सम्मेलन पर पूरी दुनिया की नजर है क्योंकि दुनियाभर के कई प्रमुख नेता इस बैठक में हिस्सा लेंगे। शुक्रवार को ब्रिक्स बिजनेस फोरम की बैठक के साथ ही BRICS सम्मेलन की शुरुआत हो गई है। ऐसे में दिल्ली का मौसम अपडेट भी सामने आ गया है। आइए जानते हैं कि BRICS सम्मेलन के दौरान दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों में मौसम का हाल कैसा रहेगा।
दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में शुक्रवार को सुबह में आंशिक रूप से बादल देखें गए हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं, अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में दिन के दौरान बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। वहीं, 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भी कुछ हिस्सों में हल्की से लेकर मध्यम स्तर तक बारिश होने का अनुमान है।
राजस्थान का मौसम
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश का अनुमान जताया गया है। राज्य के भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में शुक्रवार से हल्की से लेकर मध्यम स्तर तक के बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान है। इसके अलावा बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की मध्यम बारिश की संभावना है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। यूपी की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। इसके अलावा लखनऊ, झांसी, हरदोई, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, बाराबंकी, भदोही, चित्रकूट, गोरखपुर, बलिया, बागपत समेत कई जिलों में बारिश के आसार जताए गए हैं। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बिहार का मौसम
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 11 सितंबर को बिहार के पटना, भागलपुर, सीतामढ़ी, हाजीपुर, मोतिहारी समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाएं भी चल सकती हैं। आज पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।
हरियाणा-पंजाब के मौसम का हाल
हरियाणा में शुक्रवार को पश्चिमी इलाकों में गर्मी देखने को मिलेगी। दिनभर तेज धूप, गर्मी और उमस का असर दिखने की संभावना है। वहीं, राज्य के उत्तरी-पूर्वी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बौछारें देखने को मिल सकती हैं। पंजाब में गर्मी एक फिर से लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार तक मौसम में बड़ी राहत देखने को नहीं मिलेगी। सोमवार को कुछ जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश का मौसम अपडेट
शुक्रवार को मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से के सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर, शहडोल समेत 12 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, शनिवार से इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में भी बारिश देखने को मिल सकती है।
ये भी पढे़ं- BRICS समिट से पहले दिल्ली बनी अभेद्य किला, 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात, पढ़ें कैसी है सिक्योरिटी
BRICS समिट में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे पुतिन, सुखोई से लेकर क्रूड ऑयल पर हो सकती है डील