1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Weather Update: अक्टूबर आया, लेकिन नहीं गया मानसून, कई राज्यों में होगी झमाझम बरसात, जानिए मौसम का हाल

IMD Weather Update: अक्टूबर आया, लेकिन नहीं गया मानसून, कई राज्यों में होगी झमाझम बरसात, जानिए मौसम का हाल

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Oct 01, 2022 07:25 am IST,  Updated : Oct 01, 2022 08:18 am IST

IMD Weather Update: देश में अभी भी मानसून कई राज्यों में सक्रिय है। इसी बीच देश में लगातार चौथे साल अच्छी मानसूनी बारिश से जलस्त्रोंतों में अच्छा जलभराव हुआ है। वहीं अक्टूबर में बारिश के कारण रबी फसलों को काफी फायदा मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में बारिश के आसार हैं।

IMD Weather Update- India TV Hindi
IMD Weather Update Image Source : INDIA TV

Highlights

  • देश में लगातार चौथे साल अच्छी मानसूनी बारिश हुई
  • मानसून की देर से वापसी रबी फसलों के लिए मददगार
  • देश के उत्तर और उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में 6 फीसदी ज्यादा हुई सितंबर में बारिश

IMD Weather Update: अक्टूबर माह शुरू हो गया है, लेकिन देश के कई इलाकों को मानसून अभी भी तरबतर कर रहा है। दरअसल, कुछ ऐसे मौसमी कारण बन गए हैं, जिससे मानसून की वापसी में देरी हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र में मुंबई और खासतौर पर पुणे में जोरदार बारिश हुई है। पुणे में बारिशक के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। जानिए मानसून की ताजा सक्रियता से देश के किन राज्यों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। 

क्यों हो रही है मानसून में देरी?

मानसून के अक्टूबर माह की शुरुआत में भी सक्रिय रहने के पीछे मौसमी वजह है। मौसम विभाग के अनुसार सुपर चक्रवात ‘नोरु‘ के चलते बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण देश से दक्षिण.पश्चिम मॉनसून की वापसी में देरी होना तय है। मानसून में देरी के कारण यह अभी और सक्रिय रहेगा। इस वजह से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पांच अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है। 

देश के उत्तर और उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में 6 फीसदी ज्यादा हुई सितंबर में बारिश 

यह भी कहा गया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण इस बार सितंबर में देश के उत्तर और उत्तरी.पश्चिमी क्षेत्र में सामान्य से छह फीसदी अधिक बारिश हुई जिसने उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में बारिश की कमी को कम करने में मदद की। देश में लगातार चौथे साल अच्छी मानसूनी बारिश हुई। उम्मीद जताई जा रही है कि गंगा के मैदानी क्षेत्र से मानसून की देर से वापसी रबी सीजन के दौरान किसानों के लिए मददगार साबित होगी।

गंगा के मैदानी इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना

भारत मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय माहपात्र ने कहा, ‘बंगाल की खाड़ी के ऊपर पूर्वोत्तर दिशा में बने चक्रवाती परिसंचरण के मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ने की उम्मीद है जिससे गंगा के मैदानी क्षेत्र में अच्छी बरसात होगी।‘

13 अक्टूबर के बाद होगी मानसून की वापसी

मौसम विभाग के महानिदेशक ने कहा कि मानसून की वापसी 20 सितंबर से शुरू हो जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के ऊपर मौजूद मौसमी प्रणाली के कारण यह इस बार 13 अक्टूबर तक रुकेगा। यानी मानसून की वापसी 13 अक्टूबर के बाद होगी। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश,उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में 5 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत