1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Weather Update: जम्मू कश्मीर के कई इलाकों बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जताई आशंका

IMD Weather Update: जम्मू कश्मीर के कई इलाकों बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जताई आशंका

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Oct 21, 2022 12:16 pm IST,  Updated : Oct 21, 2022 12:44 pm IST

IMD Weather update: जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में बारिश के साथ ही ताजा बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार आगामी 24 घंटों में घाटी के कई इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने चक्रवाती अलर्ट जारी किया है। इसके कारण दक्षिण भारत के कई इलाकों मे बारिश का दौर फिर बन सकता है।

Snowfall- India TV Hindi
Snowfall Image Source : INDIA TV

Highlights

  • गुलमर्ग में तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे पहुंचा
  • मैदानी इलाकों में बारिश, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना
  • दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

IMD Weather Update: पहाड़ों पर मौसम बदल रहा है। बर्फबारी और बारिश की आशंका के बीच उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं। यह जानकारी मौसम विज्ञान कार्यालय ने शुक्रवार को दी है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में मुख्य रूप से बादल छाए रहने और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।" गुलमर्ग सहित घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले दो दिनों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई है। नतीजतन, तापमान में गिरावट आई है। वहीं मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

गुलमर्ग में तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे पहुंचा

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 5.5, पहलगाम 2 और गुलमर्ग में शून्य से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र के द्रास में न्यूनतम तापमान माइनस 4.4, कारगिल में 0.4 और लेह में माइनस 2.1 दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 17, कटरा में 13.2, बटोटे में 5.8, बनिहाल में 4.6 और भद्रवाह में 6.1 रहा।

देश के इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

जहां एक ओर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अंदेशा जताया गया है। वहीं चक्रवाती प्रभाव के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो  तमिलनाडु, कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं कहीं भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा और ओडिशा में भी हल्की बारिश संभव है।

दिल्ली की फिजा में घुली ठंडक

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम में सुबह और शाम में फिजा में ठंडक घुल गई है। हालांकि आसमान साफ है और धूप खिली हुई है, लेकिन तापमान में थोड़ी कमी आई है। दिल्ली में आज, 21 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहेगा। वहीं, आज आसमान साफ रहने के आसार भी हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिवाली तक दिल्ली में मौसम साफ रहेगा.।वहीं, अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास बना रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत