1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Indigo Airlines: असम के जोरहाट से कोलकाता जा रहा इंडिगो का विमान कीचड़ में फंसा, बाल-बाल बचे यात्री

Indigo Airlines: असम के जोरहाट से कोलकाता जा रहा इंडिगो का विमान कीचड़ में फंसा, बाल-बाल बचे यात्री

 Published : Jul 29, 2022 12:42 pm IST,  Updated : Jul 29, 2022 12:54 pm IST

Indigo Airlines: देश में आए दिन विमानों से जुड़े हादसे हो रहे हैं। इंडिगो और स्पाइसजेट की फ्लाइट में ऐसे मामले सबसे ज्यादा देखने को मिले हैं। इसी तरह का एक मामला अब असम में देखने को मिला।

Indigo Airlines- India TV Hindi
Indigo Airlines Image Source : INDIA TV

Highlights

  • असम के जोरहाट से कोलकाता जा रहा इंडिगो का विमान कीचड़ में फंसा
  • उड़ान को रद्द कर दिया गया
  • इंडिगो ने प्लेन को जांच के लिए भेजा

Indigo Airlines: देश में आए दिन विमानों से जुड़े हादसे हो रहे हैं। इंडिगो और स्पाइसजेट की फ्लाइट में ऐसे मामले सबसे ज्यादा देखने को मिले हैं। इसी तरह का एक मामला अब असम में देखने को मिला। दरअसल, असम के जोरहाट से कोलकाता जा रहा इंडिगो का एक विमान उड़ान भरने के दौरान हवाईपट्टी से फिसल गया और उसके पहिए कीचड़ भरे मैदान में फंस गए। एयरलाइन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। घटना बृहस्पतिवार को हुई जब विमान 98 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने जा रहा था। हालांकि, घटना के बाद उड़ान रद्द कर दी गई।

इंडिगो ने दी सफाई

इंडिगो एयरलाइन ने इस मामले पर सफाई देते हुए अपने एक बयान में कहा, ‘‘जोरहाट से कोलकाता के लिए संचालित इंडिगो की उड़ान 6ई-757 टेकऑफ के दौरान हवाईपट्टी पर फिसल गई। पायलट को बताया गया कि मुख्य पहियों में से एक पहिया रनवे से सटे घास के मैदान में आंशिक रूप से चला गया था।’’ पायलट ने ऐहतियात के तौर पर आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए विमान रोका और जांच के लिए कहा। इंडिगो के बयान में कहा गया है, ‘‘विमान को जांच के लिए ले जाया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान कोई असामान्य स्थिति का पता नहीं चला। ऐहतियात के तौर पर रखरखाव टीम ने गहन निरीक्षण शुरू कर दिया है। फिलहाल उड़ान रद्द कर दी गई है।’’

कई घंटो तक यात्री रहे परेशान

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान को कई घंटों तक जोरहाट में तकनीकी दिक्कत के कारण रोके जाने के बाद रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘विमान में कुछ तकनीकी समस्या थी। उसमें 98 यात्री सवार थे। सभी यात्री उतर गए और सुरक्षित हैं। वे टर्मिनल भवन में इंतजार कर रहे थे और रात करीब सवा आठ बजे उड़ान रद्द कर दी गई।’’ इससे पहले, एक स्थानीय पत्रकार ने ट्विटर पर एक तस्वीर अपलोड की जिसमें हवाईपट्टी से फिसला एक विमान नजर आ रहा है और उसके दो पहिए घास के मैदान में फंसे दिख रहे हैं। इंडिगो को टैग करते हुए पत्रकार ने पोस्ट किया, ‘‘गुवाहाटी कोलकाता इंडिगो उड़ान 6एफ 757 (6ई 757) जोरहाट हवाई अड्डे पर हवाईपट्टी से फिसल गई और कीचड़ भरे मैदान में फंस गई। उड़ान दोपहर 2.20 बजे प्रस्थान करने वाली थी, लेकिन घटना के बाद उड़ान में देरी हुई।’’ उनके पोस्ट का जवाब देते हुए इंडिगो ने कहा, ‘‘सर, हम यह सुनकर चिंतित हैं और इसे तुरंत संबंधित टीम के समक्ष रख रहे हैं।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत