1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इंदिरा गांधी की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

इंदिरा गांधी की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Nov 19, 2022 02:59 pm IST,  Updated : Nov 19, 2022 02:59 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस समेत अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी - India TV Hindi
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी Image Source : FILE PHOTO

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस समेत अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हमारी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।’’ वहीं इस मौके पर कांग्रेस के पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर इंदिरा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। 

मल्लिकार्जुन खरगे ने किया ट्वीट 

मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट किया, "आजीवन संघर्ष, साहस व कुशल नेतृत्व की मिसाल, भारत की "लौह महिला", श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर शत शत नमन। भारत की एकता व अखंडता को संजोए रखने के लिए उन्होंने अपने जीवन का बलिदान दिया। राष्ट्र को समर्पित, उनकी राजनीतिक दृढ़ता को हम भारतवासी हर पल याद करते हैं।" 

"देश के लिए दुर्गा, दुश्मनों के लिए काली थीं"
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत से पहले अपनी दादी इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंदिरा गांधी का एक वीडियो भी ट्वीट किया। राहुल गांधी ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए ट्वीट किया, ‘‘आज़ादी के संग्राम में पली, भारत के महान नेताओं से सीखी पढ़ी, पिता की लाडली थीं वह। देश के लिए दुर्गा, दुश्मनों के लिए काली थीं - निडर, तेजस्विनी, प्रियदर्शिनी।" 

प्रियंका और वरुण ने दादी के लिए क्या लिखा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इंदिरा गांधी के एक भाषण का अंश साझा करते हुए उनके कथन का उल्लेख किया, "एकजुट होकर काम करना है, एकजुट होकर आगे बढ़ना है, एकजुटता के साथ देश की विजय सुनिश्चित करनी है।" वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और सांसद वरुण गांधी ने भी अपनी दादी के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘नेतृत्व ही नहीं उदारता भी, शक्ति ही नहीं मातृत्व भी, देश की मां और मेरी प्यारी दादी को उनकी जयंती पर मेरा शत शत नमन।’’ 

1971 का युद्ध किया याद
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, "देश की एकता और अखंडता बरकरार रखने में इंदिरा गांधी जी का अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने इस महान उद्देश्य के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया। उनके कार्यकाल में भारत की सेना ने ऐतिहासिक शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को पराजित किया तथा बांग्लादेश का निर्माण हुआ।" कांग्रेस ने भी इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित एक वीडियो साझा किया और कहा, ‘‘हम भारत की लौह महिला दिवंगत इंदिरा जी को आज याद करते हैं। 1971 के युद्ध में उनकी भूमिका अनुकरणीय थी। वह सेवा, धैर्य, संयम और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक थीं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत