1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इंडिया की जीत पर गदगद हुए ईशान किशन के माता-पिता, पूरी टीम को दी बधाई

इंडिया की जीत पर गदगद हुए ईशान किशन के माता-पिता, पूरी टीम को दी बधाई

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Feb 15, 2026 11:58 pm IST,  Updated : Feb 15, 2026 11:58 pm IST

टीम इंडिया की जीत पर देशभर में उत्साह का माहौल है। इस बीच ईशान किशन के माता-पिता ने भी टीम इंडिया को धमाकेदार जीत पर बधाई दी है।

ईशान किशन के माता-पिता ने दी बधाई।- India TV Hindi
ईशान किशन के माता-पिता ने दी बधाई। Image Source : ANI

पटना: भारत और पाकिस्तान के बीच आज कोलंबों में एकतरफा मुकाबला देखने को मिला। इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने 61 रनों के साथ आज पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल कर ली। वहीं जीत के बाद ईशान किशन को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 40 गेंद में 77 रन बनाए। ईशान किशन ने टीम इंडिया को जबरदस्त शुरूआत दी, जिस वजह भारत ने पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य दिया, जिसका सामना करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रनों पर ही ढेर हो गई। वहीं टीम इंडिया की जीत के बाद ईशान किशन के माता-पिता ने भी बधाई दी है। 

ईशान किशन की मां ने दी बधाई

ईशान किशन की मां सुचित्रा सिंह ने टीम इंडिया की जीत पर बधाई देते हुए कहा, "बहुत खुशी हो रही है, इंडिया जीत गई, हमारी टीम जीत गई, सारे प्लेयर्स को बहुत-बहुत बधाई।" वहीं ईशान किशन को मैन ऑफ द मैच बनाए जाने पर उनकी मां ने कहा, "बहुत खुशी हो रही है।" पाकिस्तानी टीम के द्वारा जीत के पुराने दावों पर ईशान किशन की मां ने कहा, "हर टीम अपनी जीत के लिए कहती है।" ईशान के भविष्य को लेकर उनकी मां ने कहा कि ईशान किशन बस ऐसे ही खेलते जाएं और आगे बढ़ते जाएं। वहीं ईशान किशन की शादी को लेकर पूछे गए सवाल पर उनकी मां ने कहा कि शादी की कोई चर्चा नहीं हो रही है, अभी वर्ल्ड कप चल रहा है और अभी तो ईशान किशन की उम्र भी नहीं हुई है। इसके अलावा लंबे समय बाद टीम में कमबैक करने पर ईशान किशन की मां ने काह कि "उन्होंने बहुत अच्छे से मेहनत की और फिर से टीम में वापस आए। मेहनत करके उन्होंने जगह बनाई और टीम में उनका सेलेक्शन हुआ, इसके लिए बहुत खुशी है।" 

ईशान किशन के पिता ने भी जताई खुशी

वहीं ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडेय ने भी टीम इंडिया को जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, "पूरी टीम इंडिया की जीत हुई है, इसलिए और अधिक खुशी हो रही है।" ईशान किशन को मैन ऑफ द मैच मिलने पर उन्होंने कहा कि ये तो प्राउड की बात है ही लेकिन इससे भी ज्यादा प्राउड की बात ये है कि पूरी टीम की जीत हुई है। ईशान किशन के पिता ने कहा, "इसी तरह से टीम इंडिया खेलती रहे, इससे ज्यादा और क्या ही चाहिए। पिछले दो सालों में ईशान ने अपनी बैटिंग पर काफी काम किया, जिस वजह से वह दोबारा से टीम में वापसी कर सके। अब वर्ल्ड कप जीतेंगे तब उम्मीदों को चार चांद लगेंगे।"

यह भी पढ़ें-

पाकिस्तान को पीटकर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा, आप भी जानकर खुश हो जाएंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत