1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक में फसल के नुकसान से परेशान किसान, 18 महीने में 1219 किसानों ने की खुदकुशी

कर्नाटक में फसल के नुकसान से परेशान किसान, 18 महीने में 1219 किसानों ने की खुदकुशी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 09, 2023 01:28 pm IST,  Updated : Oct 09, 2023 01:30 pm IST

कर्नाटक में एक और किसान ने आत्महत्या कर ली। अकेले कदुर तालुक में पिछले 40 दिनों में पांच किसानों ने सुसाइड कर लिया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

कर्नाटक से किसानों की आत्महत्या करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इस बीच, चिक्कमगलुरु जिले में सोमवार एक और किसान ने खुदकुशी कर ली। बारिश की कमी की वजह से फसल के नुकसान से बुजुर्ग किसान परेशान थे। उनकी आयु 55 साल थी। किसान ने अपने घर में फांसी लगा ली।

किसान पर 3 लाख का था कर्ज 

पुलिस के मुताबिक, किसान कृष्णा नाइक, कडूर तालुक के लिंगदहल्ली के रहने वाले थे। उन्होंने अपने आवास पर फांसी लगा ली। किसान कृष्णा नाइक पर 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था। उन्होंने अपने कृषि क्षेत्र में रागी और ज्वार की फसल बोई थी, लेकिन बारिश नहीं होने के कारण फसल नष्ट हो गई। इसके बाद किसान ने यह कदम उठाया। अकेले कदुर तालुक में पिछले 40 दिनों में किसानों की यह 5वीं आत्महत्या है। सखारायपटना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राज्य ने चिक्कमगलुरु जिले के कदुर तालुक को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने किसानों के लिए एक हेल्पलाइन भी खोली है। 

236 में से 194 तालुका सूखाग्रस्त 

अधिकारियों के मुताबिक, कर्नाटक में पिछले 18 महीनों में फसल के नुकसान के बाद कुल 1219 किसानों ने अपनी जान दे दी है। राज्य सरकार ने राज्य के 236 में से 194 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है और 4,860 करोड़ रुपये का राहत पैकेज केंद्र से मांगा है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि करीब 42 लाख हेक्टेयर फसल का नुकसान हुआ है। राज्य में कुल मिलाकर 30,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल केंद्रीय दल राज्य के 11 जिलों का दौरा कर स्थिति का आकलन कर रहा है।

- IANS इनपुट के साथ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत