1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Karnataka News: इस राज्य से आई शर्मसार कर देने वाली घटना, पानी में तैरते मिले बोतल में बंद 7 भ्रूण

Karnataka News: इस राज्य से आई शर्मसार कर देने वाली घटना, पानी में तैरते मिले बोतल में बंद 7 भ्रूण

 Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 25, 2022 06:28 pm IST,  Updated : Jun 25, 2022 06:28 pm IST

Karnataka News: पांच बोतलों में बंद इन भ्रूण को शुक्रवार को कुछ स्थानीय लोगों ने पाया, जो नदी किनारे कपड़े धोने गए थे।

Karnataka News- India TV Hindi
Karnataka News Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

Highlights

  • पांच बोतलों में बंद मिले ये भ्रूण, जांच के आदेश
  • नदी किनारे कपड़े धोने गए स्थानीय लोगों को मिला
  • बरामद भ्रूणों को फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा

Karnataka News: कर्नाटक से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पानी में तैरती हुई बोतलों में सात भ्रूण मिले हैं। ये घटना बेलगावी जिले के मुदालगी कस्बे की है। यहां एक पुल के नीचे पानी में सात भ्रूण पाए गए, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। पांच बोतलों में बंद इन भ्रूण को शुक्रवार को कुछ स्थानीय लोगों ने पाया, जो नदी किनारे कपड़े धोने गए थे। 

जिले के स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेश कोणी ने कहा कि यह स्थानीय तौर पर या किसी और शहर में अवैध गर्भपात की घटना प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि भ्रूणों का लिंग निर्धारण करने के बाद गर्भपात किया गया होगा। 

'भ्रूण पांच से सात महीने के हैं'

अधिकारियों के मुताबकि, भ्रूण पांच से सात महीने के हैं। घटनास्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य और पुलिसकर्मियों ने प्लास्टिक की बोतलों को जब्त कर लिया है और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। बरामद किए गए भ्रूणों को फॉरेंसिक प्रयोगशाला भी भेजा जाएगा। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। अधिकारी आस-पास के प्रसूति अस्पतालों और स्कैन केंद्रों में पूछताछ कर रहे हैं। भ्रूणों के स्रोत और गर्भपात के पीछे जो लोग हैं उनका पता लगाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं का भी सहारा लिया जा रहा है।

यूपी: होटल के कमरे से मिला था भ्रूण

इससे पहले बीते महीने एक ऐसी ही खबर उत्तर प्रदेश राज्य से सामने आई थी। यूपी पुलिस ने नोएडा के फेस-3 थाना क्षेत्र के सेक्टर-71 स्थित एक होटल से छह माह का भ्रूण बरामद किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि एक महिला और पुरुष होटल के एक कमरे में दो दिन तक रुके थे। वे जब होटल से गए, तो वहां के कर्मचारियों को कमरे से भ्रूण मिला। पुलिस के मुताबिक, होटल का कमरा लेने के लिए जमा कराए गए आधार कार्ड की डिटेल से महिला का पता लगा लिया गया, जबकि पुरुष का आधार कार्ड फर्जी था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत