पट्टनमथिट्टा: केरल के एक छोटे से बच्चे शंकु की अंगनवाड़ी में 'उपमा की जगह बिरयानी' खाने की मासूम ख्वाहिश ने पूरे राज्य की अंगनवाड़ियों का मेन्यू बदल दिया। 3 महीने पहले शंकु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने अपनी मां से कहा था कि उसे अंगनवाड़ी में उपमा नहीं, बिरयानी और चिकन फ्राई चाहिए। इस वीडियो ने केरल की स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास मंत्री वीना जॉर्ज का ध्यान खींचा, और अब उनकी कोशिशों से राज्य की सभी अंगनवाड़ियों में बच्चों के लिए नया और स्वादिष्ट मेन्यू लागू हो गया है।
Related Stories
नए मेन्यू में बच्चों के लिए क्या-क्या?
मंगलवार को पट्टनमथिट्टा में अंगनवाड़ियों के राज्य-स्तरीय प्रावेशानोत्सवम (पुनः खुलने के समारोह) में मंत्री वीना जॉर्ज ने नए मेन्यू का ऐलान किया। यह पहली बार है जब केरल की सभी अंगनवाड़ियों के लिए एक एकीकृत और पौष्टिक मेन्यू तैयार किया गया है। नए मेन्यू में बच्चों के लिए एग बिरयानी, पुलाव, दाल पायसम, सोया ड्राई करी, न्यूट्री लड्डू, कोझुक्कट्टा, और इलायडा जैसे स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन शामिल हैं। इसके अलावा, गेहूं की दलिया का पुलाव, रायता, और चने की सब्जी जैसे पारंपरिक और पौष्टिक नाश्ते भी बच्चों को परोसे जाएंगे।

क्यों बदला गया मेन्यू?
मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि नया मेन्यू बच्चों की सेहत को बेहतर बनाने के लिए बनाया गया है। इसमें चीनी और नमक की मात्रा कम की गई है, जबकि प्रोटीन से भरपूर खाने को बढ़ाया गया है। पहले बच्चों को हफ्ते में 2 बार दूध और अंडे दिए जाते थे, लेकिन अब इन्हें हफ्ते में 3 बार मिलेगा। मंत्री ने कहा, 'हमारा मकसद बच्चों को सिर्फ स्वादिष्ट खाना ही नहीं, बल्कि उनकी सेहत के लिए जरूरी पोषण भी देना है। यह नया मेन्यू बच्चों को खुशी और तंदुरुस्ती दोनों देगा।' मेन्यू में नाश्ते, दोपहर के खाने, और सामान्य भोजन के लिए अलग-अलग विकल्प शामिल हैं, ताकि बच्चों को हर दिन कुछ नया और लज़ीज़ मिले।
अपनी मां से क्या कहा था शंकु ने?
मेन्यू में इस बड़े बदलाव की कहानी तब शुरू हुई, जब फरवरी 2025 में केरल के अलप्पुझा के रहने वाले छोटे से बच्चे शंकु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में शंकु अपनी मां से मासूमियत भरे अंदाज में कह रहा था, 'मुझे अंगनवाड़ी में उपमा नहीं, ‘बिरनानी’ (बिरयानी) और ‘पोरिचा कोझी’ (चिकन फ्राई) चाहिए।' शंकु की मां ने बताया कि उन्होंने यह वीडियो तब रिकॉर्ड किया था, जब वह घर पर बिरयानी खा रहा था। उन्होंने इसे इंस्टाग्राम पर डाला, और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया।
...और सोशल मीडिया पर छा गया शंकु
सोशल मीडिया पर लोगों ने शंकु की इस ख्वाहिश का खूब समर्थन किया। कुछ लोगों ने तो यहां तक सुझाव दिया कि आंगनवाड़ियों में बच्चों को बेहतर खाना देना चाहिए, भले ही इसके लिए जेल में कैदियों को मिलने वाला खाना कम करना पड़े। इस वीडियो को देखकर मंत्री वीना जॉर्ज ने तुरंत मेन्यू बदलने का वादा किया था, और अब वह वादा पूरा हो गया है। नए मेन्यू के ऐलान के बाद शंकु ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं।' शंकु की मां ने भी सरकार के इस कदम की तारीफ की और कहा कि यह बच्चों की सेहत और खुशी के लिए एक शानदार पहल है। (पीटीआई)