1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद में सामने आई दिल दहलाने वाली घटना, ऐसी खबर जिसे जानकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे

हैदराबाद में सामने आई दिल दहलाने वाली घटना, ऐसी खबर जिसे जानकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : May 24, 2023 10:32 pm IST,  Updated : May 25, 2023 02:32 pm IST

हैदराबाद में एक महिला का कटा सिर बरामद होने के बाद पुलिस ने जो बताया है वह जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। लिव-इन-रिलेशन में रहने वाले शख्स ने प्रेमिका की जिस तरह हत्या की है, देखकर पुलिस भी सकते में है।

brutal murder in hyderabad- India TV Hindi
हैदराबाद में दिल दहलाने वाली घटना Image Source : FILE PHOTO

हैदराबाद में भी दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस जैसी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भी एक शख्स ने आफताब पूनावाला की तरह ही अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी और उसके शरीर को पत्थर काटने वाली मशीन से टुकड़ों में काटकर फ्रिज में रखा। फिर शरीर के उन टुकड़ों को फ्रिज से निकालकर वह अलग-अलग जगहों पर फेंक देता था। आरोपी ने पीड़िता की हत्या कर पैर और हाथ काटकर अपने घर के एक रेफ्रिजरेटर में रख दिए थे और बदबू से बचने के लिए उस पर इत्र का छिड़काव करता था।

इस घटना का खुलासा तब हुआ जब हैदराबाद पुलिस को 17 मई को शहर में मुसी नदी के पास एक कटा हुआ सिर मिला था। इस रहस्य को सुलझाने के बाद गुरुवार को यह चौंकाने वाला अपराध सामने आया है।

नदी के किनारे मिला था महिला का कटा सिर

DCP दक्षिण पूर्व क्षेत्र, सीएच रूपेश ने बताया कि हमें मुसी नदी के पास एक महिला का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना मिली थी। एक हफ्ते की तफ्तीश के बाद हमे संकेत मिला जिसके आधार पर हमने आरोपी(चंद्र मोहन) को गिरफ़्तार किया। मामला पेसों की लेनदेन का है। काफी समय पहले अपने पति से अलग रहने वाली महिला चंद्र मोहन के साथ दिलसुखनगर स्थित चैतन्यपुरी कॉलोनी स्थित उसके घर में रह रही थी। आरोपी चंद्र मोहन 15 साल से लिव इन रिलेशन में रह रहा था। 

पैसे के लिए बेरहमी से कर दी थी हत्या 

आरोपी ने 2018 के बाद से मृतका से करीब 7 लाख रुपए लिए और वापस नहीं किये। बार-बार मांगने पर भी चंद्र मोहन ने पैसे नहीं लौटाए, इसके बाद योजना के अनुसार 12 मई को दोपहर में मोहन ने मृतका से झगड़ा किया। उसने सीने और पेट पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को टुकड़ों में काटकर ठिकाने लगाने के लिए पत्थर काटने की दो छोटी मशीनें खरीदीं।

उसने धड़ से सिर काटकर काले पॉलीथिन के कवर में रख दिया। फिर उसने टांगों और हाथों को धड़ से अलग किया, टांगों और हाथों को रेफ्रिजरेटर में रख दिया और डिस्पोजल के लिए धड़ को एक सूटकेस में रख दिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के शरीर के अंगों को उसके घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

15 मई को आरोपी ऑटोरिक्शा से मुसी नदी के पास पहुंचा और अनुराधा का कटा सिर वहीं फेंककर चला गया। इसके बाद आरोपी ने फिनाइल, डेटॉल, परफ्यूम अगरबत्ती और कपूर खरीदा और उन्हें नियमित रूप से अनुराधा के कटे शरीर के अंगों पर छिड़कता रहा, ताकि आसपास के क्षेत्र में बदबू न फैले। उसने सोशल मीडिया पर शरीर के अंगों को कैसे डिस्पोज किया जाए, इस पर वीडियो भी देखा था।

पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

 पुलिस ने शेयर बाजार में ऑनलाइन ट्रेडिंग करने वाले अविवाहित बी. चंद्र मोहन को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पुलिस के मुताबिक, वह मृतका के मोबाइल फोन से उसके जानने वाले लोगों को यह विश्वास दिलाने के लिए संदेश भेजता रहा कि वह जीवित है और कहीं और रह रही है। 17 मई को मुसी नदी के पास अफजल नगर कम्युनिटी हॉल के सामने कूड़ा फेंकने की जगह पर सफाई कर्मचारियों को महिला का कटा हुआ सिर मिला था, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी गई।

मलकपेट पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले को सुलझाने के लिए आठ टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज की स्कैनिंग और अन्य तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल से जुड़ी गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत