1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बनने जा रहा है भारत का पहला 'हिन्दू ग्राम', बाबा बागेश्वर ने रख दी आधारशिला

बनने जा रहा है भारत का पहला 'हिन्दू ग्राम', बाबा बागेश्वर ने रख दी आधारशिला

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 02, 2025 08:15 pm IST,  Updated : Apr 03, 2025 09:25 am IST

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मध्य प्रदेश में पहला हिन्दूग्राम बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। बाबा बागेश्वर ने बुधवार को इस गांव की आधारशिला रख दी है।

बाबा बागेश्वर ने रखी पहले हिन्दूग्राम की आधारशिला।- India TV Hindi
बाबा बागेश्वर ने रखी पहले हिन्दूग्राम की आधारशिला। Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम में हिन्दुस्तान का पहला हिन्दू ग्राम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर ने बुधवार को इस गांव की आधारशिला रख दी है। जानकारी के मुताबिक, ये गांव दो वर्ष में तैयार हो जाएगा। बाबा बागेश्वर ने बताया है कि बागेश्वर धाम में ही एक हजार परिवारों का यह ग्राम तैयार कराया जा रहा है। आइए जानते हैं इस हिन्दूग्राम के बारे में खास बातें।

क्या है पूरा मामला?

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हिन्दू राष्ट्र की परिकल्पना को लेकर लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हिन्दू राष्ट्र ध्वज घोषित करने के बाद अब हिन्दू ग्राम बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। बागेश्वर धाम में हिन्दुस्तान का पहला हिन्दू ग्राम दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा। बाबा बागेश्वर ने बुधवार को भूमिपूजन करते हुए इसकी आधारशिला रख दी है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने देश के पहले हिन्दू ग्राम के सपने को साकार करने के लिए बागेश्वर धाम में ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया।

हिन्दू राष्ट्र का सपना हिन्दू घर से ही शुरू होता है- बाबा बागेश्वर

बाबा बागेश्वर ने इस अवसर पर कन्यापूजन करते हुए आधारशिला रखी। बाबा बागेश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हिन्दू राष्ट्र का सपना हिन्दू घर से ही शुरू होता है। हिन्दू परिवार, हिन्दू समाज और हिन्दू ग्राम बनाने के बाद हिन्दू तहसील, हिन्दू जिला और हिन्दू राज्य बनेगा तब कहीं जाकर हिन्दू राष्ट्र की परिकल्पना पूरी होगी। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने हिन्दू ग्राम की आधारशिला रखने के बाद अपने उद्बोधन में बताया कि धाम में ही एक हजार परिवारों का यह ग्राम तैयार कराया जा रहा है।

कैसे उपलब्ध होगी जमीन

बागेश्वर धाम जनसेवा समिति हिन्दू धर्म एवं सनातन धर्म प्रेमियों को जमीन उपलब्ध कराएगी। इस जमीन में भवन निर्माण होंगे। यहां रहने वालों के लिए कुछ बुनियादी शर्तें भी रखी गई हैं। यह भवन अनुबंध के आधार पर मिलेंगे। पहले ही दिन दो बहनों ने भवन लेने हेतु अपनी स्वीकृति देते हुए कागजी कार्यवाही पूर्ण कराई। इसके अलावा करीब आधा सैकड़ा लोग इस ग्राम में घर बनाने हेतु जुड़े हैं।

षडयंत्र से बचाने क्रय-विक्रय का रहेगा प्रतिबंध

बागेश्वर धाम में हिन्दू ग्राम में रहने वाले व्यक्ति अनुबंधित रहेंगे। वे जिस मकान में रहेंगे उस मकान की खरीद-फरोख्त का हक उन्हें नहीं मिलेगा। इसके पीछे की वजह यह है कि विधर्मी लोभ-लालच देकर किसी भी स्तर पर जाकर किसी भी कीमत पर मकान खरीदने के प्रयास करते हैं। अक्सर ऐसा देखने में भी आता है कि लालच में आकर लोग धर्मविरोधी ताकतों के सामने खुद को सरेण्डर कर देते हैं। इसलिए बागेश्वर धाम का हिन्दू ग्राम क्रय-विक्रय से प्रतिबंधित रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत