1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 10 लोगों की मौत; अचानक भीड़ बढ़ने से हुआ हादसा

आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़, 10 लोगों की मौत; अचानक भीड़ बढ़ने से हुआ हादसा

 Reported By: Surekha Abburi Edited By: Amar Deep
 Published : Nov 01, 2025 12:36 pm IST,  Updated : Nov 01, 2025 11:38 pm IST

श्रीकाकुलम ज़िले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

मंदिर में भीड़ बढ़ने से हुई भगदड़।- India TV Hindi
मंदिर में भीड़ बढ़ने से हुई भगदड़। Image Source : REPORTER INPUT

श्रीकाकुलम: इस वक्त की बड़ी खबर आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से सामने आ रही है। यहां जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में देवोत्थानी एकादशी के अवसर पर भगदड़ मच गई। मंदिर परिसर में अचानक से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत होने की सूचना मिल रही है। इसके अलावा अभी कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आ रही है। 

राहत और बचाव का काम जारी

घायलों और मृतकों की संख्या के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जिस वजह से मृतकों का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। फिलहाल मौके पर एम्बुलेंस भी पहुंच गई हैं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस की टीम भी पहुंच गई है। राहत और बचाव का काम किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक मंदिर को करीब चार साल पहले ही मुकुंद पांडा नाम के भक्त ने बनाया शुरू किया था, जिसे कुछ महीनों पहले ही खोला गया था। फिलहाल मिल रही जानकारी के मुताबिक मंदिर पहली मंजिल पर है और सीढ़ियों के आसपास एक व्यक्ति रेलिंग टूटने से गिर पड़ा और भगदड़ मच गई।

सीएम ने जताई चिंता

आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना से गहरा सदमा पहुंचा है। इस दुखद घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत हृदयविदारक है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने अधिकारियों को घायलों का शीघ्र और उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मैंने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे घटनास्थल का दौरा करें और राहत कार्यों का निरीक्षण करें।"

PMO ने मुआवजे का किया ऐलान

वहीं इस घटना पर पीएम मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। पीएमओ की तरफ से एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया, "आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ से बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी"

राष्ट्रपति ने व्यक्त की संवेदना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस घटना पर संवेदना व्यक्त की। एक्स पर एक पोस्ट के मुताबिक राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने लिखा, "आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"

 

यह भी पढ़ें-

सिद्धरमैया सरकार का बड़ा फैसला, प्लास्टिक की बोतलों पर प्रतिबंध लगाने का दिया आदेश

'पहले बिहारी कहलाना अपमान था', चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने जारी किया VIDEO संदेश, जानें क्या बोले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत