1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशाः भुवनेश्वर की सुपरमार्केट में देर रात लगी भीषण आग, 11 घंटे बाद भी बुझाया नहीं जा सका

ओडिशाः भुवनेश्वर की सुपरमार्केट में देर रात लगी भीषण आग, 11 घंटे बाद भी बुझाया नहीं जा सका

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Feb 24, 2026 10:36 am IST,  Updated : Feb 24, 2026 10:39 am IST

भुवनेश्वर के धौली इलाके में लिंगीपुर के पास एक सुपरमार्केट में कल रात भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये की प्रॉपर्टी का भारी नुकसान हुआ। कुछ ही मिनटों में आग पूरे फ्लोर पर फैल गई और बिल्डिंग के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

भुवनेश्वर की सुपरमार्केट में लगी भीषण आग- India TV Hindi
भुवनेश्वर की सुपरमार्केट में लगी भीषण आग Image Source : REPORTER

भुवनेश्वरः ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। लिंगिपुर इलाके के पास स्थित एक सुपरमार्केट में देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। 

जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 10 बजे बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से अचानक भड़की। देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं। बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील घरेलू सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

11 घंटे बाद भी आग पर नहीं पाया जा सका काबू

आग लगते ही इमारत से घना धुआं निकलने लगा, जो दूर से ही दिखाई दे रहा था। आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा है कि उसे बुझाने में 11 घंटे से अधिक समय लग रहा है। अभी तक आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो पाई है। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के बड़े स्टॉक के कारण आग बार-बार भड़क रही है, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

घटना के समय तीसरी मंजिल पर कुछ लोग फंसे होने की जानकारी मिली थी। दमकल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के आहत होने की खबर नहीं है। आग में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के सामान, स्टील के बर्तन और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। इससे सुपरमार्केट मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत