1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देशभर में मॉनसून का अपडेट: दिल्ली में फुहार, UP-बिहार में मूसलाधार; इन राज्यों में भी बरसेगा मेघ

देशभर में मॉनसून का अपडेट: दिल्ली में फुहार, UP-बिहार में मूसलाधार; इन राज्यों में भी बरसेगा मेघ

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 16, 2025 07:58 am IST,  Updated : Jul 16, 2025 08:08 am IST

IMD Rain Alert: आज दिल्ली और इसके आस-पास के इलाके में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। वहीं, यूपी में 15 से अधिक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

IMD Rain Alert: देशभर में इन दिनों मॉनसूनी बारिश सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और इसके आस-पास के इलाके में बुधवार को गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। दिल्ली का तापमान अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।

यूपी में कहां-कहां होगी बारिश?

उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां मॉनसून की गतिविधियां बेहद तेज हैं। यूपी में बुधवार को 15 से अधिक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इनमें मुजफ्फरनगर, मोरादाबाद, पीलीभीत, बिजनौर, सहारनपुर, रायबरेली, रामपुर, खेरी, सीतापुर, हरदोई, सिद्धार्थ नगर, लखनऊ, गोंडा, बाराबंकी, कानपुर, फतेहपुर, कौशांबी, मऊ, देवरिया, बस्ती और गोरखपुर जैसे जिले शामिल हैं। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज और कल बहुत भारी बारिश की संभावना है।

बिहार में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

वहीं, बिहार में मॉनसून ट्रफ लाइन के राज्य की ओर बढ़ने के कारण आज से बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। कैमूर, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, औरंगाबाद और अरवल जैसे 7 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, पटना, नालंदा, नवादा और जमुई में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नदियों का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना है।

पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी

राजस्थान की बात करें तो पूर्वी राजस्थान में बुधवार को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, खासकर वह क्षेत्र जो निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव में है। पश्चिमी राजस्थान में भी आज भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अति भारी बारिश भी हो सकती है। इससे जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

आज कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
Image Source : FILE PHOTOआज कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और उच्च आर्द्रता की स्थिति बनी रहेगी। इंदौर, भोपाल, छिंदवाड़ा, दतिया, दामोह, झबुआ, खंडवा, नीमच और रतलाम समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश

इसके अलावा उत्तराखंड के चमोली सहित 8 जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून सहित कई क्षेत्रों में शाम के समय बारिश होने से गर्मी से राहत मिलेगी। पिथौरागढ़, बागेश्वर और देहरादून के आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में आज भी बारिश की संभावना है। मॉनसून के कारण हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में जान-माल का नुकसान हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी ढलानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं, जम्मू और कश्मीर में भी आज बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, खासकर निचले इलाकों और पहाड़ी ढलानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

इन राज्यों में भी बारिश के आसार

पंजाब और हरियाणा में मौसम के मिजाज की बात करें तो इन राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय है। आज हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, गुजरात के कई हिस्सों में, खासकर सौराष्ट्र और कच्छ में आज 16-17 जुलाई के दौरान और फिर 19 जुलाई को तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें-

Israel Hamas War: गाजा में हमास गिन रहा आखिरी सांसें, इजरायल के ताजा हवाई हमले में फिर 93 लोगों की मौत

दिल्ली में रिहायशी इमारत में जलकर 2 लोगों की मौत, कई अन्य घायल, इस इलाके की है घटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत