1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कैंचीधाम जा रहा था पूरा परिवार, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

कैंचीधाम जा रहा था पूरा परिवार, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 21, 2026 09:10 pm IST,  Updated : May 21, 2026 09:10 pm IST

कार में ड्राइवर समेत पांच लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौत हो गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी प्रकट की है।

Car accident Nainital- India TV Hindi
हादसे का शिकार हुई कार Image Source : X/ANI

उत्तर प्रदेश के लखनऊ से कैंची धाम जा रहा परिवार रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में परिवार के सभी लोगों और ड्राइवर की मौत हो गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर दुख जताया है। हादसा उत्तराखंड में नैनीताल जिले में हुआ। भवाली क्षेत्र में कार गहरी खाई में गिर गई और उसमें सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सीएम धामी ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए थे। ऐसे में मुश्किल हालातों में भी तेजी से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। सीएम धामी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना भी प्रकट की है।

चुनौतीपूर्ण रहा राहत कार्य

नैनीताल के पुलिस अधीक्षक (क्राइम) डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ परिवार लखनऊ का रहने वाला था और सैनेटोरियम-रातीघाट बाइपास मार्ग से कैंची धाम जा रहा था। ढैला गांव से पहले उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया, लेकिन दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण राहत कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), सीमा कैड़ा चुफाल (45), वासू चुफाल (19), रवि चुफाल (12) और वाहन चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) के रूप में हुई है। 

प्रस्तावित बाइपास में काम अधूरा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वह कैंचीधाम के लिए प्रस्तावित बाइपास है और वहां निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि मार्ग पर कई स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम अपर्याप्त हैं और तीव्र मोड़ों पर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है। हादसे का शिकार हुई कार महिंद्रा कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ी थी।

यह भी पढ़ें-

VIDEO: मिथिला एक्सप्रेस में आग लगने से पहले का CCTV फुटेज आया सामने, रेलवे ने किया चौंकाने वाला दावा

'भारत के ईंधन आयात पर पड़ रहा 81 दिन से चल रहे युद्ध का असर', जानिए पेट्रोल-डीजल की खरीद पर क्या बोली सरकार

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत