1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने बारूदी सुरंग को निष्क्रिय किया

नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने बारूदी सुरंग को निष्क्रिय किया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 11, 2021 06:57 pm IST,  Updated : Dec 11, 2021 06:57 pm IST

यह बारूदी सुरंग सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नीयत से जंगल के रास्ते में जमीन के नीचे लगायी गयी थी। 

नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने 15 किलोग्राम की बारूदी सुरंग को निष्क्रिय किया- India TV Hindi
नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने 15 किलोग्राम की बारूदी सुरंग को निष्क्रिय किया Image Source : PTI/FILE

Highlights

  • सुरक्षा बलों को निशाना बनाने लिए जंगल के रास्ते में लगाई गई थी बारूदी सुरंग
  • CRPF की 19 वीं बटालियन के जवानों ने बारूदी सुरंग को किया निष्क्रिय

चाईबासा: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल की सीमा से लगे ओडिशा के केवलंग थाना अन्तर्गत पुर्णापानी-सोयम्बा ग्रामीण सड़क मार्ग पर सुरक्षा बलों को लक्ष्य करके भाकपा माओवादी नक्सलियों द्वारा लगायी गई 15 किलोग्राम की बारूदी सुरंग केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने शनिवार को बरामद करके निष्क्रिय कर दी जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सलियों ने 15 किलोग्राम की बारूदी सुरंग सड़क पर मिट्टी के नीचे लगा रखी थी। उन्होंने बताया कि यह बारूदी सुरंग सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नीयत से जंगल के रास्ते में जमीन के नीचे लगायी गयी थी। उन्होंने बताया कि बारूदी सुरंग को गुरुन्डिया कैंप (राउरकेला) में तैनात सीआरपीएफ की बी एंड सी क्वाई, 19 वीं बटालियन के जवानों ने एक अभियान के दौरान बरामद करके उसे निष्क्रिय कर दिया। 

उन्होंने कहा कि इससे नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि सारंडा से सटे उक्त जंगल क्षेत्र में नक्सली नेता अनमोल उर्फ समर का दस्ता निरंतर सक्रिय रहता है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की सक्रियता की सूचना के बाद सीआरपीएफ की उक्त टीम ओडिशा पुलिस के साथ उक्त जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही थी। 

सूत्रों ने कहा कि इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगायी गयी बारूदी सुरंग का पता चला जिसे बम निरोधक दस्ता ने सावधानीपूर्वक निकाल करके जंगल में ही नष्ट कर दिया। सूत्रों ने बताया कि इस शक्तिशाली बारूदी सुरंग से नक्सली सीआरपीएफ और पुलिस को भारी नुकसान पहुंचा सकते थे लेकिन समय रहते इसका पता चल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत