सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीआई में मामला दर्ज होते ही टीम ने पहली बड़ी कार्रवाई की है और जमवारामगढ़ में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है उसके दोनों बेटे डॉक्टर हैं। NEET-UG 2026 में कथित पेपर लीक मामले में CBI ने केस दर्ज किया है। उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर CBI ने NEET-UG 2026 परीक्षा के आयोजन में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर FIR दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, चोरी और सबूत नष्ट करने जैसी धाराओं, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा Public Examination Prevention of Unfair Means Act 2024 के तहत दर्ज किया गया है।
सीबीआई ने शुरू की गहन जांच
शिकायत में कहा गया है कि NEET UG-2026 परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 03.05.2026 को किया गया था। आरोप है कि परीक्षा से पहले NEET (UG)-2026 से जुड़े कुछ दस्तावेजों का अनधिकृत रूप से प्रसार किया गया था, जिसकी शिकायत और इनपुट NTA को प्राप्त हुए थे। इन आरोपों से परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता और निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
CBI ने मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है ताकि कथित अनियमितताओं की प्रकृति, दायरा और इसमें शामिल व्यक्तियों एवं संस्थाओं की भूमिका का पता लगाया जा सके। जांच के लिए CBI की विशेष टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर भेजी गई हैं। CBI जल्द मामले की गहन जांच कर दोषियों की पहचान करकर तफ्तीश करेगी।
जांच एजेंसी ने एक मेडिकल छात्र को भी लिया हिरासत में
NEET परीक्षा में हुई मामले में जांच एजेंसियों ने नासिक से डॉ. शुभम खैरनार नाम के एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है, जो खुद एक मेडिकल छात्र है। वह भोपाल के एक कॉलेज में BAMS (आयुर्वेदिक चिकित्सा) के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। शुभम की गिरफ्तारी के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि इस नेटवर्क के तार गहरे और प्रोफेशनल तरीके से जुड़े हुए हैं।