1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दर्दनाक..., टूटे बिजली तार की चपेट में आई महिला, बचाने गई देवरानी को भी लगा करंट, दोनों की मौत

दर्दनाक..., टूटे बिजली तार की चपेट में आई महिला, बचाने गई देवरानी को भी लगा करंट, दोनों की मौत

 Published : Jun 17, 2026 03:59 pm IST,  Updated : Jun 17, 2026 04:08 pm IST

ओडिशा के ढेंकानाल जिले में तूफान दो महिलाओं के लिए काल बन गया। एक महिला टूटे बिजली तार की चपेट में आ गई जिसके बाद उसे बचाने गई देवरानी को भी करंट लग गया। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई है।

odisha Dhenkanal electric shock two women died- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : REPORTER

ओडिशा के ढेंकानाल जिले के हिंदोल इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। मंगलवार रात आए तूफान के बाद टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में दो महिलाएं आ गईं। हादसे के बाद दोनों महिलाओं को अस्पताल ले जाया गया लेकिन दोनों को ही बचाया नहीं जा सका। महिला और उसकी देवरानी की मौत के हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान रंजु देहुरी और मनीषा देहुरी के रूप में हुई है।

कैसे हुई पूरी घटना?

यह दर्दनाक घटना हिंदोल के रंजगोला गांव में बुधवार सुबह हुई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात आए तेज तूफान के दौरान एक बिजली का तार टूटकर घर के पीछे वाले हिस्से में गिर गया था। परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं थी और उन्हें यह भी पता नहीं था कि तार लाइव थी। बुधवार सुबह रंजु देहुरी किसी काम से घर के पीछे गई थीं। इसी दौरान उनका पैर गलती से टूटे हुए बिजली के तार पर पड़ गया। करंट लगते ही वह तार में फंस गईं और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगीं। रंजु की चीख सुनकर उनकी देवरानी मनीषा देहुरी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने रंजु को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह खुद भी बिजली के तार की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और जमीन पर गिर पड़ीं।

डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया

परिजनों ने जब दोनों महिलाओं की आवाज सुनी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों महिलाओं को बेहोशी की हालत में पाया गया। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे इलाज के लिए हिंदोल के सरकारी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद उठे सवाल

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस हादसे ने बिजली विभाग की सतर्कता और तूफान के बाद टूटे बिजली तारों की समय पर जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते टूटे तार की जानकारी मिल जाती, तो शायद दो जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- तालाब से नहाकर लौट रही नाबालिग लड़की को अगवाकर 3 हैवानों ने किया गैंगरेप, 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार

आमने-सामने की टक्कर के बाद दो ट्रकों में लगी भीषण आग, जिंदा जल गए दोनों ड्राइवर; सामने आया वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत