1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तेलंगाना में ओमिक्रॉन के दो और केस मिले, एक विदेशी महिला और युवक पाए गए संक्रमित

तेलंगाना में ओमिक्रॉन के दो और केस मिले, एक विदेशी महिला और युवक पाए गए संक्रमित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 15, 2021 05:17 pm IST,  Updated : Dec 15, 2021 05:17 pm IST

केन्याई महिला के दो निकट संपर्कों का पता चला है और उनके नमूने भी कोविड-19 जांच के लिये भेजे गये हैं।

तेलंगाना में ओमिक्रॉन के दो और केस मिले, एक विदेशी महिला और युवक पाए गए संक्रमित- India TV Hindi
तेलंगाना में ओमिक्रॉन के दो और केस मिले, एक विदेशी महिला और युवक पाए गए संक्रमित Image Source : PTI

Highlights

  • हैदराबाद पहुंचे दो विदेशी नागरिक ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले
  • तेलंगाना के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी श्रीनिवास राव ने दी जानकारी
  • एक महिला और एक युवक में मिला संक्रमण

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे दो विदेशी नागरिक कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन स्वरूप से संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। तेलंगाना के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी श्रीनिवास राव ने संवाददाताओं को बताया कि 12 दिसंबर को केन्या की 24 वर्षीय महिला और सोमालिया से 23 वर्षीय युवक यहां पहुंचा। जीनोम सीक्वेंसिंग के दौरान दोनों में मंगलवार की रात ओमिक्रॉन स्वरूप की पुष्टि हुयी।

राव ने कहा कि दोनों में संक्रमण का कोई लक्षण नहीं है। हालांकि, वे दोनों जोखिम वाले देशों से नहीं आये हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार, उनके नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिये भेजे गये थे। गौरतलब है कि ओमिक्रॉन स्वरूप को बेहद संक्रामक और घातक माना जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी इसे लेकर चिंता जाहिर कर चुका है। उल्लेखनीय है कि जोखिम वाले घोषित 11 देशों से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का आरटी-पीसीआर जांच किया जाता है। 

केन्याई महिला के दो निकट संपर्कों का पता चला है और उनके नमूने भी कोविड-19 जांच के लिये भेजे गये हैं। महिला और सोमालियाई युवक को शहर के तेलंगाना आयुर्विज्ञान संस्थान (टिम्स) में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिये लोगों से कोविड अनुरूप व्यवहार का सख्ती से पालन करने की अपील की है। 

अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार एक और लहर के किसी भी संभावित खतरे के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा। ओमिक्रॉन स्वरूप के हवा से फैलने की आशंका के मद्देनजर राव ने मास्क पहनने और कोविड-19 के खिलाफ अन्य सावधानियों का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया। 

अधिकारी ने कहा कि तेलंगाना में अब तक ओमीक्रोन का कोई सामुदायिक प्रसार नहीं हुआ है। बता दें कि बुधवार सुबह को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 6,984 नए कोविड मामले मिले, 8,168 रिकवरी हुई और 247 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत