1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LIVE: आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ताबड़तोड़ एक्शन जारी, सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट

LIVE: आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ताबड़तोड़ एक्शन जारी, सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट

 Updated : Apr 29, 2025 03:14 pm IST

Pahalgam Terror Attack Live Updates: सेना लश्कर, हिजबुल, जैश के आतंकियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जहां भी आतंकी मूवमेंट का जरा भी शक है वहां सख्त एक्शन लिए जा रहे हैं।

kashmir, security forces- India TV Hindi
सुरक्षाबलों का एक्शन जारी Image Source : PTI

Pahalgam Terror Attack Live Updates: पहलगाम आतंकी हमले के बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ का जबरदस्त एक्शन जारी है। पिछले 48 घंटे में 8 आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया जा चुका है। सेना का सबसे ताजा एक्शन कुपवाड़ा में हुआ है, जहां लश्कर आतंकी फारूक तीदवा के घर को तबाह कर दिया गया। चंद सेकेंड में आतंकी के घर के परखच्चे उड़ गए। सेना लश्कर, हिजबुल, जैश के आतंकियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जहां भी आतंकी मूवमेंट का जरा भी शक है वहां सख्त एक्शन लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही घाटी में अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। सेना ने अब तक 1000 से ज्यादा ओवर ग्राउंड वर्कर्स को गिरफ्तार किया है जो आतंकियों के सबसे बड़े मददगार थे। वहीं पहलगाम हमले की जांच NIA  को सौंप दी गई है। इस संबंध में गृहमंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया है।

 

Pahalgam Terror Attack Live Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 4:43 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    प्रधानमंत्री-रक्षामंत्री के बीच 40 मिनट की अहम बैठक

    आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बीच 40 मिनट की अहम बैठक हुई है। इस हाईलेवल मीटिंग में NSA अजित डोभाल भी मौजूद थे। इस दौरान राजनाथ सिंह ने पीएम को अब तक की डिटेल जानकारी दी है।

     

  • 3:56 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    पहलगाम हमले का चीन कनेक्शन आया सामने

    पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। आतंकियों ने हमले के दौरान हाईटेक चीनी सैटेलाइट फोन और ऐप का इस्तेमाल किया था। आकाओं और हैंडलर्स से संपर्क साधने के लिए आतंकियों ने चायनीज़ तकनीक का इस्तेमाल किया था। 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 हिंदुओं का नरसंहार हुआ था।

  • 3:52 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    केविन हार्ट का भारत में होने वाला हास्य कार्यक्रम पहलगाम हमले के कारण कैंसिल

    अमेरिकी अभिनेता और हास्य कलाकार केविन हार्ट ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए भारत में होने वाले अपने शो ‘एक्टिंग माई एज’ को रद्द कर दिया है। ‘गेट हार्ड’, ‘द वेडिंग रिंगर’ और ‘राइड अलॉन्ग’ जैसी फिल्मों में अपने किरदार के लिए मशहूर हार्ट 30 अप्रैल को दिल्ली में शो करने वाले थे। हार्ट का देश में यह पहला कार्यक्रम होना था।

  • 1:23 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    सिंधु के पानी को लेकर जम्मू में महत्वपूर्ण बैठक

    पाकिस्तान के साथ सिंधु समझौता होल्ड करने के बाद जल के मसले पर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक आज शाम जम्मू में होगी। जम्मू कश्मीर में दो प्लांट हैं, जिसके पानी छोड़ने को लेकर बैठक होगी।

  • 2:56 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    टोरंटो में विशाल मोमबत्ती जुलूस और रैली का आयोजन

    टोरंटो: हिंदू फोरम कनाडा, CoHNA और अन्य हिंदू कनाडाई संगठनों ने कल रात टोरंटो में एक विशाल मोमबत्ती जुलूस और रैली का आयोजन किया। टोरंटो की सड़कों पर 500 से ज़्यादा कनाडाई हिंदू, यहूदी, बलूच और ईरानी एकत्र हुए। उन्होंने मार्च निकाला और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। सभी समुदाय के नेताओं ने कनाडा सरकार से पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करने का आग्रह किया।

     

  • 2:54 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पहलगाम की घटना से पूरा देश आक्रोशित

    केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पटना में पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, "पहलगाम में जो आतंकी घटना घटी है, पूरा देश उससे आक्रोशित है। विपक्ष के साथ भी सर्वदलीय बैठक हुई है और प्रधानमंत्री ने बिहार की धरती से ही ऐलान किया है। जो एक्शन लिए जा रहे हैं वह छोटी घटना नहीं है। आतंकवादी जहां भी छिपे हुए हैं उन्हें निश्चित रूप से सजा मिलेगी और जो आतंक की घटना को अंजाम देने वाले उनके आका हैं उन्हें भी निश्चित रूप से सजा मिलेगी।"

     

  • 12:45 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    आंसुओं की हर बूंद और हर गोली का बदला लेगी सरकार-सतीश उपाध्याय

    दिल्ली: भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 121वें एपिसोड पर कहा, "हमारे देश के 140 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा है। हमारी सरकार निस्संदेह पीड़ितों (पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ित) के आंसुओं की हर बूंद और हर गोली का बदला लेगी।"

  • 11:55 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पहलगाम हमला आतंकवाद को संरक्षण देने वालों की हताशा को दर्शाता है-पीएम मोदी

    मन की बात के 121वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पहलगाम में हुआ यह हमला आतंकवाद को संरक्षण देने वालों की हताशा को दर्शाता है... ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, देश और जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह पसंद नहीं आया। आतंकी और उनके आका चाहते हैं कि कश्मीर एक बार फिर बर्बाद हो जाए इसलिए इतनी बड़ी साजिश रची गई। आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है... हमें इस चुनौती का सामना करने के लिए अपना संकल्प मजबूत करना होगा।"

     

  • 10:28 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने की एंटी-शिप मिसाइल फायरिंग

    भारतीय नौसेना के जहाजों ने लंबी दूरी के सटीक आक्रामक हमले के लिए प्लेटफॉर्म, सिस्टम और क्रू मेंबर्स की तत्परता को फिर से प्रमाणित करने के लिए कई एंटी-शिप फायरिंग की। इसकी जानकारी भारतीय नौसेना की ओर से दी गई है। नौसेना ने कहा कि देश के समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए वह पूरी तरह से तैयार है

  • 10:24 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    एनआईए ने जांच अपने हाथों में ली

    एनआईए ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले को औपचारिक रूप से अपने हाथ में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) के आदेश के बाद की गई है। एनआईए ने सबूतों की तलाश तेज कर दी है। 

  • 9:09 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    ज़ीरो लाइन तक पेट्रोलिंग के लिए आ रहे पाकिस्तानी रेंजर्स

    राजस्थान के श्रीगंगानगर और पश्चिमी सरहद पर पाकिस्तानी रेंजर ज़ीरो लाइन के पास तक पेट्रोलिंग करने आ रहे हैं। श्रीगंगानगर में सरहद के उस पार पाकिस्तानी रेंजर्स ने गांव खाली करा लिए हैं। जेसीबी मशीन और अन्य तैयारियों की खबर है।

     

  • 8:46 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    कुपवाड़ा में आतंकवादियों ने सामाजिक कार्यकर्ता को गोली मारी, अस्पताल में मौत

    कुपवाड़ा जिले में संदिग्ध आतंकवादियों ने 45 वर्षीय एक सामाजिक कार्यकर्ता को गोली मार दी जिससे वह घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी शनिवार देर रात गुलाम रसूल माग्रे के कंडी खास स्थित घर में घुसे और उन्हें गोली मार दी। 

     

  • 8:39 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पुलवामा में आतंकी आमिर नजीर वानी का घर उड़ाया

    पुलवामा के त्राल में सक्रिय आतंकवादी आमिर नजीर वानी पुत्र नजीर अहमद वानी का घर विस्फोट में ध्वस्त कर दिया गया।

     

  • 8:38 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    बांदीपोरा में आतंकी जमील अहमद का घर ध्वस्त

    बांदीपोरा में रात को आतंकवादी जमील अहमद शीर गोजरी पुत्र अब्दुल अहद शीर गोजरी का घर एक विस्फोट में ध्वस्त कर दिया गया। वह 2016 से एक सक्रिय आतंकवादी है।

     

  • 8:37 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    शोपियां में आतंकी अदनान सफी डार का घर ध्वस्त

    शोपियां में अदनान सफी डार पुत्र मोहम्मद शफी डार का घर ध्वस्त किया गया। 2024 से लश्कर और टीआरएफ के लिए कर रहा था काम

     

  • 8:36 AM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    कुपवाड़ा में लश्कर के आतंकवादी फारूक अहमद का घर ध्वस्त

    कुपवाड़ा में लश्कर के आतंकवादी फारूक अहमद के घर को सुरक्षाबलों ने ध्वस्त किया। फारूक अहमद फिलहाल पाकिस्तान में छिपा हुआ है। 

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत