1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान ने कल रात नहीं की कोई गड़बड़, LoC से लेकर इंटरनेशनल बॉर्डर तक शांति, सीजफायर का उल्लंघन नहीं हुआ

पाकिस्तान ने कल रात नहीं की कोई गड़बड़, LoC से लेकर इंटरनेशनल बॉर्डर तक शांति, सीजफायर का उल्लंघन नहीं हुआ

 Reported By: Manish Prasad Written By: Rituraj Tripathi
 Published : May 13, 2025 08:08 am IST,  Updated : May 13, 2025 08:21 am IST

पाकिस्तान ने बीती रात किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की है और सीजफायर का उल्लंघन नहीं किया है। बॉर्डर पर अब हालात सामान्य हैं।

LoC- India TV Hindi
पाकिस्तान ने कल रात LoC पर नहीं की कोई गड़बड़ Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: पाकिस्तान की तरफ से बीती रात किसी तरह की गड़बड़ नहीं की गई है। LoC से लेकर इंटरनेशनल बॉर्डर तक शांति है और जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन नहीं किया है। भारतीय सेना ने ये जानकारी दी है। सेना ने कहा है कि अब बॉर्डर पर हालात सामान्य और शांत हैं। 

भारत और पाकिस्तान के DGMO के बीच 12 मई की शाम को हुई थी बातचीत

भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच 12 मई की शाम 5 बजे दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच हॉटलाइन पर बातचीत हुई थी। इस बातचीत में सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी रोकने के लिए दोनों पक्षों के बीच 10 मई को बनी सहमति के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया था। हॉटलाइन पर भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और पाकिस्तान के डीजीएमओ जनरल कासिम अब्दुल्ला थे।

इस बातचीत में सीजफायर को जारी रखने से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई और कहा गया कि दोनों पक्षों को एक भी गोली नहीं चलानी चाहिए। इसमें ये भी बात हुई कि एक-दूसरे के खिलाफ कोई आक्रामक और शत्रुतापूर्ण कार्रवाई शुरू नहीं करनी चाहिए। 

बातचीत में इस बात पर भी सहमति हुई कि दोनों पक्ष सीमाओं और अग्रिम क्षेत्रों से सैनिकों की संख्या में कमी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल उपायों पर विचार करें। दोनों डीजीएमओ के बीच शनिवार को हुई बातचीत के बाद सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी रोकने के लिए सहमति की घोषणा की गई।

पीएम मोदी ने कल रात 8 बजे देश को संबोधित किया

पीएम मोदी ने सोमवार को रात 8 बजे देश को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर की वजह बताई साथ ही पीओके को लेकर बड़ा ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि सीजफायर के लिए पाकिस्तान ने भारत के डीजीएमओ से तब संपर्क किया, जब उसके आर्मी बेस पर भारत ने तबाही मचा दी और पाकिस्तान की सभी मिसाइलों व ड्रोन को हवा में ही ध्वस्त कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ स्थगित हुआ है, बंद नहीं। अब आतंकी हमला हुआ तो पाकिस्तान ने में फिर घुसकर मारेंगे। अब आतंकी और पाकिस्तान को अलग नहीं समझेंगे। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अब बात सिर्फ पीओके पर होगी। इससे पाकिस्तान बौखला गया है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत