1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. संसद सत्र का तीसरा दिन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष, रिजिजू बोले- सरकार NEET पर चर्चा को तैयार
  Live Now

संसद सत्र का तीसरा दिन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष, रिजिजू बोले- सरकार NEET पर चर्चा को तैयार

 Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Updated : Jul 22, 2026 12:36 pm IST

आज संसद के मॉनसून सत्र का तीसरा दिन है। विपक्ष के सांसद काले कपड़े पहनकर सदन में प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।

काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करते विपक्षी सांसद - India TV Hindi
काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करते विपक्षी सांसद Image Source : PTI

संसद के मॉनसून सत्र का आज यानी बुधवार को तीसरा दिन है। आज विपक्ष के सांसद काले कपड़े पहनकर सदन में प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित हो गई। कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव सहित कई सांसद पीएम आवास के पास धरने पर बैठ गए, जिसके बाद काफी हंगामा हुआ और उन्हें वहां से हटाया गया।

इसके बाद, राहुल गांधी ने पांच मांगें रखीं। इनमें धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और नीट पेपर लीक मामले पर सदन में गृह मंत्री का बयान प्रमुख मांगें थीं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का भी बयान आया। उन्होंने कहा कि सरकार NEET पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो छात्रों का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रहे हैं।

सभी लेटेस्ट अपडेट्स यहां पढ़ें-

Live updates :Parliament monsoon session

Auto Refresh
Refresh
  • 12:36 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता: बांसुरी स्वराज

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "पीएम नरेंद्र मोदी ऐसे नेता हैं, जो देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माता मानते हैं। बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। यह परीक्षा (NEET) 3 मई को होनी थी। 11 मई को पता चला कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है, उसी दिन शिक्षा मंत्रालय ने FIR दर्ज कराई और बिना किसी देरी पूरी पारदर्शिता के साथ इसकी जांच CBI को सौंप दी गई। CBI ने SIT बनाई और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वे अभी भी हिरासत में हैं। मैं आपको भरोसा दिलाना चाहती हूं कि मोदी सरकार ने बहुत जिम्मेदार रवैया अपनाते हुए कोर्ट से यह भी अनुरोध किया है कि इस मामले की सुनवाई रोजाना हो, आरोपियों को सबसे कड़ी सजा मिले और सजा जल्द से जल्द दी जाए, ताकि छात्रों को न्याय मिल सके।"

  • 12:34 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    केसी वेणुगोपाल ने कहा- सरकार इस मुद्दे पर इतनी असंवेदनशील क्यों है?

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "पिछले 3 दिनों से हम NEET परीक्षा का पेपर लीक होने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर चर्चा की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव ला रहे हैं। लेकिन सरकार हमारी मांग नहीं मान रही है। कल जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन किस नियम के तहत? यह सरकार इस मुद्दे पर इतनी असंवेदनशील क्यों है? उन्हें व्यवस्थित बहस करने से क्या रोक रहा है? हम तीन मांगों- NEET पेपर लीक, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और छात्रों के खिलाफ FIR वापस लेने को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे। हमें पुलिस जैसी केंद्रीय एजेंसियों से ऐसे कठोर रवैये की उम्मीद रहती है, लेकिन हम इसका सामना करने में सक्षम हैं। हम छात्रों के लिए लड़ेंगे। हमारे नेता डरने वालों में से नहीं हैं।"

  • 12:31 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    रचनात्मक चर्चा होनी चाहिए, सरकार यही चाहती है: किरेन रिजिजू

    लोकसभा में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "पिछले तीन दिनों से हम कह रहे हैं कि सरकार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पहले दिन से ही हम कह रहे हैं कि चर्चा नियमों के मुताबिक होनी चाहिए। चर्चा कब होगी, कितनी देर तक चलेगी और किस नियम के तहत होगी, यह सब सभी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स से बातचीत के बाद तय किया जाना चाहिए। सरकार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। देश के युवाओं के भविष्य के लिए एक रचनात्मक चर्चा होनी चाहिए , सरकार यही चाहती है।"

  • 12:13 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राज्यसभा की कार्यवाही भी 2 बजे तक के लिए स्थगित

    राज्यसभा की कार्यवाही भी आज दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 12:10 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे के लिए स्थगित

    विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

  • 12:10 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    ये मुद्दा युवाओं का है: अखिलेश यादव

    अखिलेश यादव ने कहा, ये मुद्दा युवाओं का है। छात्रों की सुनी नहीं जा रही है। छात्रों से साथ गलत हुआ। हम मजबूरी में पीएम आवास तक गए।

     

  • 12:07 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सरकार पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार: किरेन रिजिजू

    लोकसभा में किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है। नियमों के तहत चर्चा होगी।

  • 12:02 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सरकार दोहरी बातें करती है: उज्ज्वल रमन सिंह

    कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा, "हम कल छात्रों के साथ खड़े थे, आज भी उनके साथ खड़े हैं और आगे भी उनके साथ खड़े रहेंगे। हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और संसद में चर्चा की मांग कर रहे हैं। सरकार दोहरी बातें करती है। वे संसद में चर्चा नहीं होने देते और बाहर कहते हैं कि सदन में चर्चा होनी चाहिए। पुलिस ने छात्रों, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ जो किया, वह निंदनीय है। लोकतंत्र तभी काम करेगा जब आप लोगों की आवाज सुनेंगे।"

  • 12:00 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल गांधी ने अपने बयान या मांगें नहीं बदली: इमरान मसूद

    कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "राहुल गांधी ने अपने बयान या मांगें नहीं बदली हैं। विपक्ष के नेता के साथ कैसा बर्ताव किया जा रहा था? वे (बीजेपी) किस बात का विरोध कर रहे हैं, अपनी नाकामी का?"

  • 11:57 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल गांधी और कांग्रेस को सावधान रहना चाहिए: अजीत गोपचडे

    बीजेपी सांसद अजीत गोपचडे ने कहा, क्या विरोध का तरीका देश-विरोधी ही होना चाहिए? देश के बारे में गलत बातें करना विरोध नहीं है। आप विरोध-प्रदर्शन में सभी देश-विरोधी तत्वों को ले आए हैं और वहां कोई छात्र नहीं दिख रहा है। राहुल गांधी और कांग्रेस, दोनों को सावधान रहना चाहिए।

  • 11:55 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हमें AAP से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं: प्रमोद तिवारी

    कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, हमें आम आदमी पार्टी (AAP) से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। पहले उन्होंने अपने 7 सांसदों को BJP में भेजा और अब वे हमें सबक सिखा रहे हैं?

  • 11:53 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    संसद पहुंचे नीतीश कुमार

    राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार आज मॉनसून सत्र के तीसरे दिन संसद पहुंचे।

  • 11:52 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

    लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

  • 11:51 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    संसद मार्ग पर CRPF तैनात

    संसद मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान को तैनात कर दिया गया है।

  • 11:41 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राहुल गांधी पर देशद्रोह का मुकदमा चले: गिरिराज सिंह

    केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष नेता राहुल गांधी के प्रदर्शन पर कहा राहुल गांधी ने संवैधानिक पद पर रहकर संविधान की गरिमा को तारतार किया है उनका ये आचरण बहुत खतरनाक है। राहुल गांधी के ऊपर तो देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।

  • 11:39 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    कल सुरक्षा में बड़ी चूक हुई: कंगना रनौत

    कल राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा, "कल सुरक्षा में बड़ी चूक हुई और राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री के आवास की ओर ले जाने की पूरी कोशिश की। जब जनपथ पर विरोध प्रदर्शन हो रहा था, तो राहुल गांधी उसे पीएम आवास की ओर क्यों ले जाने की कोशिश कर रहे थे? यह देश के लिए बहुत चिंता की बात है। आप जानते हैं कि प्रदर्शनकारी किस तरह की धमकियां दे रहे हैं, और ऐसे में राहुल गांधी ऐसा करते हैं। यह सभी के लिए चिंता का विषय है। NEET के मामले में सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। पीएम इस्तीफा क्यों दें? वह दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं।"

  • 11:37 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हम चर्चा चाहते हैं, लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती: डिंपल यादव

    CJP के विरोध और छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "क्या यही बीजेपी का 'राम राज्य' है? जहां छात्रों को पीटा जाता है और लड़कियों के कपड़े फाड़े जाते हैं। हम चर्चा चाहते हैं, लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती। हम राम मंदिर, NEET और छात्रों के खिलाफ पुलिस और CRPF की कार्रवाई के मुद्दों पर चर्चा चाहते हैं। हम उनके मंत्री (केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान) का इस्तीफा भी चाहते हैं।"

  • 11:34 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    अपने-अपने तरीकों से विरोध जारी रखेंगे: धर्मेंद्र यादव

    SP सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, "विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और बाकी सभी पार्टियां, छात्रों के साथ खड़ी हैं। सरकार को आज ही उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए; हमारा विरोध आज खत्म हो जाएगा। लेकिन जब तक छात्रों की समस्याएं बनी रहेंगी, जब तक वे जंतर-मंतर पर बैठे रहेंगे और जब तक वे सरकार से संतुष्ट नहीं होंगे, हम अपने-अपने तरीकों से विरोध जारी रखेंगे, चाहे सदन के अंदर हो या बाहर... 20 जुलाई को हजारों छात्र लाठीचार्ज का शिकार हुए थे... वह एक काला दिन था..."

  • 11:31 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    संसद भवन में पीएम मोदी से मिले पवार-सुले

    NCP-SCP प्रमुख शरद पवार और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने दिल्ली में संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

     

  • 11:15 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    काले कपड़े पहनकर विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन

    कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने बताया कि सभी विपक्षी सांसद आज काले कपड़े पहने हुए हैं। यह विरोध प्रदर्शन कई बातों को लेकर है। देश की राजधानी दिल्ली में छात्रों के साथ जो हुआ, उसके खिलाफ, धर्मेंद्र प्रधान के अपने पद पर बने रहने की जिद के खिलाफ और छात्रों के असंतोष पर सरकार के रवैये के खिलाफ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत