संसद के मॉनसून सत्र का आज यानी मंगलवार को दूसरा दिन भी हंगामेदार रहा। राज्यसभा और लोकसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही आज स्थगित कर दी गई है। कल पहले दिन सदन के अंदर विपक्ष के तेवर तीखे दिखे, तो वहीं संसद परिसर के बाहर भी विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला। NEET पेपर लीक मामला, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और कई अन्य मुद्दों पर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा रहा। इसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित हुई।
लोकसभा में सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष लगातार सांसदों से अपील करते रहे कि "अपनी सीटों पर बैठें और नियमों के तहत चर्चा करें", लेकिन विपक्ष तत्काल चर्चा और जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़ा रहा। वहीं, कल राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने NEET पेपर लीक से लेकर देश भर में छात्रों पर हुई सख्ती का मुद्दा उठाया। इसके बाद सदन में भारी शोर-शराबा शुरू हो गया।
दूसरी ओर, सरकार का रुख साफ है कि वह बहस से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन सबकुछ संसदीय नियमों और मर्यादा के तहत होना चाहिए। सोमवार को सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में अपने संबोधन में सार्थक चर्चा की उम्मीद जताई थी।
सदन की कार्यवाही से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें-