1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चीन से दिल्ली लौटते ही पीएम मोदी ने पंजाब के सीएम मान को लगाया फोन, जानिए क्या हुई दोनों के बीच बातचीत?

चीन से दिल्ली लौटते ही पीएम मोदी ने पंजाब के सीएम मान को लगाया फोन, जानिए क्या हुई दोनों के बीच बातचीत?

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 01, 2025 09:24 pm IST,  Updated : Sep 01, 2025 09:42 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के सीएम भगवंत मान से फोन पर बात की है। पीएम मोदी की सीएम भगवंत मान से फोन पर हुई ये बातचीत चीन दौरे से दिल्ली लौटते ही की गई है।

पीएम मोदी और सीएम मान- India TV Hindi
पीएम मोदी और सीएम मान Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चीन के तियानजिन शहर में एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। चीन से दिल्ली लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की है। पीएम मोदी ने सीएम भगवंत मान से पंजाब में बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की है। पीएम मोदी ने सीएम मान राज्य को हर संभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया है।

सीएम मान ने पीएम मोदी को लिखा था पत्र

पंजाब में आई बाढ़ ने तबाही मचाई है। इसके चलते मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से 60,000 करोड़ रुपये के लंबित फंड तुरंत जारी करने की मांग की थी। मान ने स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (SDRF) के नियमों में संशोधन की भी अपील की थी, ताकि प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ कम से कम 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जा सके।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का भी उठाया मुद्दा

पीएम मोदी को लिखे पत्र में सीएम मान ने ये भी कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में पंजाब में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 828 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को रद्द कर दिया है, जिससे राज्य की ग्रामीण कनेक्टिविटी पर प्रभाव पड़ सकता है।

होशियारपुर के कई गांव बाढ़ में डूबे

भारी बारिश के कारण रविवार को होशियारपुर जिले के कुछ गांवों में बाढ़ आ गई, जबकि कपूरथला जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र के लोगों से ऊपरी पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश के कारण ब्यास नदी में जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। 

स्कूलों में छुट्टी घोषित

राज्य सरकार ने सभी स्कूलों को बंद रखने की अवधि तीन सितंबर तक बढ़ा दी है। इससे पहले सरकार ने 27 से 30 अगस्त तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित की थीं। पटियाला जिला प्रशासन ने लोगों से बारिश के मद्देनजर घग्गर और तंगरी नदियों के किनारों के पास न जाने की सलाह दी है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत