1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. म्यूजियम के उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी- 'गरीब परिवार से पीएम पद तक पहुंचना लोकतंत्र की महान परंपरा'

म्यूजियम के उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी- 'गरीब परिवार से पीएम पद तक पहुंचना लोकतंत्र की महान परंपरा'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 14, 2022 02:00 pm IST,  Updated : Apr 14, 2022 02:00 pm IST

पीएम नरेन्द्र मोदी ने आज गुरुवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री म्यूजियम का उद्घाटन किया।  इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने इस संग्रहालय को हर सरकार की साझा विरासत का जीवंत प्रतिबिंब बताया। 

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi Image Source : ANI

पीएम नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री म्यूजियम का उद्घाटन किया है। म्यूजियम को तीन मूर्ति भवन में बनाया गया है। उद्घाटन से पहले मोदी ने म्यूजियम का पहला टिकट भी खरीदा। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने इस संग्रहालय को हर सरकार की साझा विरासत का जीवंत प्रतिबिंब बताया। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश आज जिस ऊंचाई पर है, वहां तक उसे पहुंचाने में स्वतंत्र भारत के बाद बनी प्रत्येक सरकार का योगदान है। आज ये संग्रहालय भी प्रत्येक सरकार की साझा विरासत का जीवंत प्रतिबिंब बन गया है। 

पीएम मोदी ने कहा कि ये हम भारतवासियों के लिए बहुत गौरव की बात है कि हमारे ज्यादातर प्रधानमंत्री बहुत ही साधारण परिवार से रहे हैं। सुदूर देहात से, एकदम गरीब परिवार से और किसान परिवार से आकर भी प्रधानमंत्री पद पर पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की महान परंपराओं के प्रति विश्वास को दृढ़ करता है।

पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, विचार, अनुभवों का एक द्वार खोलने का काम करेगा। यहां आकर उन्हें जो जानकारी मिलेगी, जिन तथ्यों से वो परिचित होंगे, वो उन्हें भविष्य के निर्णय लेने में मदद करेगी। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संग्रहालय में जितना अतीत है, उतना ही भविष्य भी है। ये संग्रहालय देश के लोगों को बीते समय की यात्रा करवाते हुए, नई दिशा-नए रूप में भारत की विकास यात्रा पर ले जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश के हर प्रधानमंत्री ने संविधान सम्मत लोकतंत्र के लक्ष्यों की पूर्ति में भरसक योगदान दिया है। उन्हें स्मरण करना स्वतंत्र भारत की यात्रा को जानना है। यहां आने वाले लोग देश के पूर्व प्रधानमंत्रियों की योगदान से रूबरू होंगे, उनकी पृष्ठभूमि, उनके संघर्ष-सृजन को जानेंगे।

पीएम मोदी ने बताया कि भारत लोकतंत्र की जननी है, भारत के लोकतंत्र की बड़ी विशेषता ये भी है कि समय के साथ इसमें निरंतर बदलाव आता रहा है। हर युग, हर पीढ़ी में लोकतंत्र को और आधुनिक बनाने, सशक्त करने का निरंतर प्रयास हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत