1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LIVE: राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचे पीएम मोदी, कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

LIVE: राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचे पीएम मोदी, कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Updated : Sep 26, 2025 11:18 pm IST

LIVE: पीएम मोदी ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन करने के बाद राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचे जहां उन्होंने कई परियोजनाओं को शिलान्यास और उद्घाटन किया।

 पीएम मोदी- India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : PTI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित यह विशाल कार्यक्रम 25 से 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार क्षमताएं वैश्विक मंच पर प्रदर्शित की जाएंगी।

इस कार्यक्रम के बाद वे राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने 1,22,100 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।  इस दौरान, उन्नहोंने बांसवाड़ा में एक जनसभा को भी संबोधित किया। 

PM Modi UP Rajasthan visit

Auto Refresh
Refresh
  • 4:43 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला

    पीएम मोदी अपने भाषण में कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, "कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को लूटकर जो ज़ख्म दिए उन्हें भरने का काम हमारी सरकार कर रही है। कांग्रेस सरकार में राजस्थान पेपर लीक का केंद्र बन गया था। जल जीवन मिशन को भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया था। महिलाओं पर अत्याचार चरम पर था।"

     

  • 4:43 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    भारत विकसित होने के लिए तेज गति से काम कर रहा-पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, " आज भारत विकसित होने के लिए तेज गति से काम कर रहा है, इसमें राजस्थान की भी बड़ी भूमिका है। पानी, बिजली, शहद से जुड़ी परियोजनाओं से आप लोगों की सुविधाएं बढ़ेंगी। वंदे भारत ट्रेन सहित 3 नई ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई है। आज राजस्थान के 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी मिले हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मैं राजस्थान के लोगों को भी विकास परियोजनाओं के लिए बधाई देता हूं।"

     

  • 4:02 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    2.5 करोड़ घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "जब 2014 में जब आपने मुझे सेवा का मौका दिया तब देश के 2.5 करोड़ घर ऐसे थे जहां बिजली का कनेक्शन नहीं था। देश के 18 हज़ार गांव में बिजली का खंभा भी नहीं लगा था। सरकार में आने के बाद हमने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई। हमने 2.5 करोड़ घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया। जहां-जहां बिजली के तार पहुंचे, वहां बिजली भी पहुंची।"

  • 4:02 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    भारत के सामर्थ्य का एक नया अध्याय लिखा जा रहा: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज यहां बिजली उत्पादन से जुड़ा इतना बड़ा आयोजन हो रहा है। राजस्थान की धरती से आज बिजली क्षेत्र में भारत के सामर्थ्य का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। 90 हज़ार करोड़ रुपए से ज्यादा के प्रोजेक्ट एक साथ शुरू होना दिखाता है कि देश आज बिजली की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।"

  • 3:54 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी ने वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

    प्रधानमंत्री मोदी ने हरी झंडी दिखाकर 3 ट्रेनों का शुभारंभ किया। जिसमें जोधपुर से दिल्ली कैंट की बीच वंदे भारत, बीकानेर से दिल्ली कैंट के बीच वंदे भारत ट्रेन और उदयपुर से चंडीगढ़ के बीच 22 डिब्बे की LHP ट्रेन शामिल हैं।"

  • 3:53 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    बांसवाड़ा में पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया

    राजस्थान के बांसवाड़ा में प्रधानमंत्री मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

  • 3:06 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    बांसवाड़ा में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पीएम

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ प्रधानमंत्री मोदी बांसवाड़ा में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां से वे केंद्र और राज्य सरकार की 1,22,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

  • 3:05 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    राजस्थान पहुंचे पीएम मोदी

    पीएम मोदी और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।

  • 11:16 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    हमारी सेनाएं स्वदेशी चाहती हैं: PM

    पीएम ने कहा, हमारी सेनाएं स्वदेशी चाहती हैं और दूसरों पर निर्भरता को कम करना चाहती हैं। इसलिए हम भारत में ही एक वाइब्रेंट डिफेंस सिस्टम विकसित कर रहे हैं, पुर्जे-पुर्जे पर मेड इन इंडिया की छाप हो, हम ऐसा एक इकोसिस्टम बना रहे हैं और यूपी इसमें भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। 

  • 11:13 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    पीएम मोदी बोले- यूपी में निवेश कीजिए

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यूपी में निवेश कीजिए, मैन्युफैक्चर कीजिए। यहां लाखों MSMEs का मजबूत नेटवर्क है, उनका सामर्थ्य इस्तेमाल कीजिए और एक कंप्लीट प्रोडक्ट यहीं तैयार कीजिए। इसके लिए हर मदद के साथ यूपी सरकार और भारत सरकार आपके साथ है। 

  • 11:10 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    "दूसरों पर निर्भर रहकर प्रगति हासिल नहीं की जा सकती"

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत आने वाले दशकों के लिए एक मज़बूत नींव रख रहा है। हमारा दृष्टिकोण और मार्गदर्शक सिद्धांत आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा में निहित है। दूसरों पर निर्भर रहकर प्रगति हासिल नहीं की जा सकती। निरंतर बदलती और प्रतिस्पर्धी दुनिया में, दूसरों पर अत्यधिक निर्भर किसी राष्ट्र के विकास की सीमाएं अवश्य ही होती हैं। इसलिए, भारत को आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देनी चाहिए और अन्य देशों पर अपनी निर्भरता कम करनी चाहिए। कोई भी उत्पाद जो भारत में निर्मित हो सकता है, उसे वास्तव में भारत में ही बनाया जाना चाहिए।

  • 11:07 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    55% मोबाइल उत्तर प्रदेश में बनते हैं: पीएम मोदी

    पीएम मोदी, आज पूरे भारत में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उसमें से 55% मोबाइल उत्तर प्रदेश में बनते हैं। यूपी अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती देगा। यहां से कुछ किलोमीटर दूर ही एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होने वाला है।

  • 11:06 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    GeM पोर्टल को लेकर क्या बोले पीएम?

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, GeM पोर्टल के जरिए लगभग 25 लाख विक्रेता और सेवा प्रदाता रजिस्टर्ड हैं, जो सीधे सरकार को सामान और सेवाएं सप्लाई कर रहे हैं। इन विक्रेताओं में मुख्य रूप से छोटे व्यापारी और दुकानदार शामिल हैं। खास बात यह है कि इस पोर्टल के माध्यम से 15 लाख करोड़ रुपये के उत्पादों और सेवाओं का लेन-देन हुआ है। इसमें से 7 लाख करोड़ रुपये की वस्तुएं और सेवाएं विशेष रूप से MSME से खरीदी गई हैं।

  • 11:04 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    अवरोध हमें भटकाते नहीं हैं: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, दुनिया में हो रही अवरोधों और अनिश्चितता के बावजूद भारत का विकास आकर्षक है। अवरोध हमें भटकाते नहीं हैं, लेकिन हम उस परिस्थिति में से नई दिशा खोजते हैं और नए अवसर ढूंढते हैं। इसलिए इन रुकावटों के बीच आज भारत आने वाले दशकों की नींव मजबूत कर रहा है। और इसमें हमारा संकल्प है, हमारा मंत्र है- आत्मनिर्भर भारत। 

  • 10:59 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    भारत को आत्मनिर्भर बनाना ही होगा: PM मोदी

    पीएम ने कहा, भारत को आत्मनिर्भर बनाना ही होगा। हर वो प्रोडक्ट जो हम भारत में बना सकते हैं, वो हमें भारत में बनाना है।

  • 10:56 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    "प्लेटफॉर्म्स फॉर ऑल, प्रोग्रेस फॉर ऑल"

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत ने ऐसे ओपन प्लेटफॉर्म्स बनाए हैं, जो सबको साथ लेकर चलते हैं- UPI, Aadhaar, DigiLocker, ONDC… ये सबको मौके दे रहे हैं। यानी प्लेटफॉर्म्स फॉर ऑल, प्रोग्रेस फॉर ऑल। आज भारत में इसका असर हर जगह दिखाई देता है। मॉल में शॉपिंग करने वाला भी UPI इस्तेमाल करता है, और सड़क पर चाय बेचने वाला भी UPI इस्तेमाल करता है।

  • 10:54 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    "गरीब से गरीब तक विकास पहुंचे"

    पीएम मोदी ने कहा, आज हम सभी के मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म-जयंती है। दीनदयाल जी ने हमें अंत्योदय की राह दिखाई थी। अंत्योदय यानी जो सबसे आखिर में है, उसका उदय। गरीब से गरीब तक विकास पहुंचे और हर भेदभाव समाप्त हो… यही अंत्योदय है, और इसमें ही सामाजिक न्याय की मजबूती निहित है। आज विकास का यही मॉडल भारत, दुनिया को दे रहा है।

  • 10:45 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    व्यापार शो में 2,200 से अधिक प्रदर्शक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस व्यापार शो में 2,200 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस साल, रूस इस कार्यक्रम के लिए नामित भागीदार देश है, जो हमारी दीर्घकालिक और विश्वसनीय साझेदारी को और मजबूत करता है।

  • 10:42 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    इंटरनेशनल ट्रेड शो में हमारा साझेदार रूस: PM मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल ट्रेड शो में हमारा साझेदार रूस है। 

  • 10:30 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    प्रधानमंत्री मोदी का सीएम योगी ने जताया आभार

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "ऐतिहासिक अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों को लागू करने के बाद, यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी आए हैं। मैं उनका स्वागत करता हूं... गरीब, किसान, महिलाएं, युवा, मध्यम वर्ग, व्यापारी, छोटे और मध्यम उद्यम, सभी समुदायों और जातियों को यह दिवाली का तोहफा मिला है, और मैं इसके लिए उनका धन्यवाद करता हूं... पिछले चार दिनों में हम बाजारों में एक नई तरह की जान देख पा रहे हैं। ग्राहक बाजारों में उमड़ पड़े हैं... यह हमारे ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) क्षेत्र के उद्योगपतियों के लिए एक नया जीवन साबित हुआ है..."

  • 10:25 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    उद्घाटन करने पहुंचे पीएम मोदी, साथ में सीएम योगी

  • 10:23 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    पीएम मोदी ने किया यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का दौरा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 (UPITS-2025) का दौरा किया। 'अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर' की थीम पर आधारित यह व्यापार शो 25 से 29 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें रूस एक भागीदार देश के रूप में शामिल होगा। इस व्यापार शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 1,25,000 B2B आगंतुक और 4,50,000 B2C आगंतुक भाग लेंगे।

  • 9:58 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    प्रदर्शनी का दौरा करते पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में एक प्रदर्शनी का दौरा करते हुए।

  • 9:48 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    पीएम मोदी तीन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे

    रेल संपर्क को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री 3 ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे जिनमें बीकानेर और दिल्ली कैंट के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, जोधपुर और दिल्ली कैंट के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन और उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें राजस्थान और अन्य उत्तरी राज्यों के बीच संपर्क को महत्वपूर्ण रूप से बेहतर करेंगी।

  • 9:24 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    एक्सपो मार्ट में 2000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

    उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया, "एक्सपो मार्ट में सभी पुलिस व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यहां 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया है और हर जगह पुलिसकर्मी तैनात हैं।" उन्होंने आगे कहा, "पिछले 48 घंटों से इस क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है, जिसका मतलब है कि यहां कोई भी ड्रोन नहीं उड़ाया जा सकता। सभी सुरक्षा इंतजाम पूरे हैं और यहां 4-लेयर की सुरक्षा व्यवस्था है।"

  • 9:23 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट

     

  • 9:22 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    PM मोदी बांसवाड़ा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र की रखेंगे आधारशिला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के बांसवाड़ा में केंद्र और राज्य सरकार की 1,22,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस दौरान, प्रधानमंत्री अनुशक्ति विद्युत निगम लिमिटेड (ASHVINI) की माही बांसवाड़ा राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना (4X700 MW) की आधारशिला भी रखेंगे। लगभग 42,000 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना देश के सबसे बड़े परमाणु संयंत्रों में से एक होगी।

    यह संयंत्र भरोसेमंद और लगातार बिजली की आपूर्ति करेगा, जिससे भारत की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में स्थिति मजबूत होगी। आत्मनिर्भर भारत की भावना को आगे बढ़ाते हुए, इस परियोजना में चार स्वदेशी 700 मेगावाट के प्रेशराइज्ड हेवी वाटर रिएक्टर शामिल होंगे। इन्हें NPCIL ने आधुनिक सुरक्षा विशेषताओं के साथ डिज़ाइन और विकसित किया है।

    यह परियोजना भारत की 'फ्लीट मोड' पहल का हिस्सा है, जिसके तहत देश भर में एक समान डिज़ाइन और खरीद योजना के तहत दस समान 700 मेगावाट रिएक्टर बनाए जा रहे हैं। इससे लागत में कमी आएगी, परियोजनाओं को जल्दी पूरा किया जा सकेगा और परिचालन दक्षता भी बढ़ेगी।

  • 9:17 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के बारे में

    "अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर" की थीम पर आधारित यह व्यापार शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य इनोवेशन, इंटीग्रेशन और इंटरनैशनलाइजेशन को बढ़ावा देना है। इस शो में खरीदारों के लिए तीन-तरफा रणनीति अपनाई जाएगी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ-साथ घरेलू बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) और बिजनेस-टू-कंज्यूमर (B2C) खरीदारों को भी आकर्षित किया जाएगा। इससे निर्यातकों, छोटे व्यवसायों और उपभोक्ताओं सभी के लिए अवसर पैदा होंगे।

    इस तीसरे संस्करण में 2,500 से ज्यादा प्रदर्शकों, 500 विदेशी खरीदारों और 5 लाख से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है। यह शो व्यापार और निवेश के लिए एक ग्लोबल हब के रूप में अपनी जगह मजबूत करेगा।

    इसका एक बड़ा आकर्षण एक जिला एक उत्पाद (ODOP) पवेलियन होगा, जिसमें हर जिले के खास उत्पादों को दिखाने के लिए 343 स्टॉल लगाए जाएंगे। भदोही की कालीनों, फिरोजाबाद के कांच के सामान, मुरादाबाद के धातु के सामान और सहारनपुर की लकड़ी की कारीगरी जैसी चीजें यह दिखाएंगी कि यूपी की कारीगरी कैसे स्थानीय से ग्लोबल बन रही है।

    इस साल रूस एक भागीदार देश के रूप में शामिल हो रहा है, जो रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक के आदान-प्रदान और लंबी अवधि के सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे। इस ट्रेड शो में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शकों, 1,25,000 B2B विजिटर्स और 4,50,000 B2C विजिटर्स के भाग लेने की उम्मीद है।

  • 9:10 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    सीएम योगी ने UP इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का लिया जायजा

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर और मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण की तैयारियों का जायजा लिया। यह शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। इस कार्यक्रम को राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पुख्ता सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, "यह एक महत्वपूर्ण आयोजन है जिसमें देश-विदेश के उद्यमी और आगंतुक भाग लेंगे। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की एक सकारात्मक और मजबूत छवि पेश हो।"

  • 9:08 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम 25 से 29 सितंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार शक्तियों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना है। यूपीआईटीएस 2025 का लक्ष्य युवाओं, उद्यमियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए भविष्य के लिए तैयार एक इकोसिस्टम बनाना है, साथ ही शिल्प, संस्कृति और व्यंजनों के संगम के माध्यम से राज्य की विविध पहचान का जश्न मनाना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत