1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी ने की बांग्लादेश के भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान से बात, यहां जानें क्या चर्चा हुई

PM मोदी ने की बांग्लादेश के भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान से बात, यहां जानें क्या चर्चा हुई

 Published : Feb 13, 2026 03:51 pm IST,  Updated : Feb 13, 2026 04:14 pm IST

बांग्लादेश के आम चुनाव में तारिक रहमान की BNP की सुनामी देखने को मिली है। BNP ने 299 में से 213 सीटों पर जीत हासिल की है। चुनाव में पाकिस्तान समर्थक जमात-ए-इस्लामी की करारी हार हुई है। अब पीएम मोदी ने भी तारिक रहमान से बात की है और उन्हें बधाई दी है।

PM Narendra modi speak with Tarique Rahman- India TV Hindi
पीएम मोदी ने तारीक रहमान से बात की। (फाइल फोटो) Image Source : PTI/AP

बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सुनामी देखने को मिली है। BNP और उसके सहयोगियों ने चुनाव में 299 सीटों मे से 213 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान समर्थित कट्टरपंथी जमात के ज्यादातर कैंडिडेट की जमानत जब्त हो गई है। शफीकुर रहमान की जमात-ए-इस्लामी पार्टी सिर्फ 68 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई है। वहीं, छात्रों आंदोलन के बाद उपजी नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी यानि NCP 6 सीटों पर सिमट गई है। चुनाव परिणाम के बाद पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान का अगला पीएम बनना पक्का हो गया है। चुनाव में BNP की जीत भारत के लिए भी राहत की खबर है। अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीक रहमान से बात की है।

दोनों नेताओं में क्या बात हुई?

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर ट्वीट कर के बताया- "तारिक रहमान से बात करके मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनावों में उनकी शानदार जीत पर बधाई दी। मैंने बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों में अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया। गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों वाले दो निकट पड़ोसी देशों के रूप में, मैंने दोनों देशों की जनता की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।"

'भारत बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा'

इससे पहले पीएम मोदी बांग्लादेश चुनाव में जीत पर BNP के प्रमुख तारीक रहमान को ट्वीट कर के बधाई दी थी। पीएम मोदी ने लिखा था- "बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने पर मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश की जनता के आपके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है। भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा। मैं आपके साथ मिलकर हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं।"

BNP ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

पीएम मोदी द्वारा तारिक रहमान को दी गई बधाई पर उनकी पार्टी BNP की ओर से भी रिएक्शन सामने आया है। BNP के स्थायी समिति के सदस्य और 2026 चुनाव के मुख्य समन्वयक नजरुल इस्लाम खान ने कहा- "हम भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तारिक रहमान को बधाई दिए जाने के लिए धन्यवाद देते हैं। ये काफी अच्छी बात है कि एक लोकतांत्रिक देश को जनता के फैसले को मान्यता देनी चाहिए, और श्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा किया है। हम उन्हें धन्यवाद देते हैं। हमारा मानना है कि हमारे नेता तारिक रहमान की लीडरशिप में भारत और बांग्लादेश और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे।"

ये भी पढ़ें- PM मोदी ने BNP की जीत के लिए तारिक रहमान को बधाई दी, कहा-"भारत हमेशा बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा"

बांग्लादेश में BNP की जीत से भारत पर क्या होगा इसका असर? जानिए विशेषज्ञों की राय

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत