नई दिल्ली: पंजाब 1988 के बाद से सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। राज्य के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव के काम युद्धस्तर पर जारी हैं। इस भीषण आपदा के बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपने सांसद निधि कोष (MPLAD Funds) से राज्य को 3.25 करोड़ रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 2.75 करोड़ रुपये बांधों की मरम्मत और मजबूती के लिए जबकि 50 लाख रुपये राहत और पुनर्वास के लिए हैं।
प्रकृति की भीषण मार झेल रहा पंजाब
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा पूरा पंजाब प्रकृति की बड़ी मार झेल रहा है। किसी की छत टूट गई, कारोबार बर्बाद हो गए। किसी के सारे खेत डूब गए। किसानों की सारी मेहनत मिनटों में मिट्टी हो गई। पशुधन का बड़ा नुकसान हुआ। इस बाढ़ में हमारे 30 लोगों की जान चली गई है। मैं हर बिछड़ी हुई रूह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
पंजाब ने हार नहीं मानी
उन्होंने कहा-'इतना कुछ होने के बाद भी पंजाब ने हार नहीं मानी। मैं उन जवानों (सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डॉक्टर्स, पंजाब पुलिस, बीएसएफ) को नमन करता हूं जो फ्लड के बीच आगे बढ़कर मदद कर रहे हैं। सिविल सोसायटी, एनजीओ, पंजाब के युवाओं का धन्यवाद जो अपनी जान की परवाह किए बगैर आगे बढ़कर लोगों की मदद कर रहे हैं।'
सांसद होने के नाते मेरी जिम्मेदारी
AAP सांसद ने आगे कहा-'पंजाब के सांसद होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है कि मुझसे जो कुछ भी मदद इस सूबे की हो सकती है, मैं करूंगा। मैं अपने सांसद निधि कोष से 3.25 करोड़ रुपये आवंटित कर रहा हूं। बाढ़ निरोधक तटबंधों को मज़बूत करने के लिए 2.75 करोड़ रुपये ताकि हमारे गांव भविष्य में बाढ़ से सुरक्षित रहें एवम राहत और पुनर्वास के लिए 50 लाख रुपये दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब का पैसा है, जो पंजाब के लोगों के लिए है। मैं केंद्र से भी अपील करता हूं कि आपदा की इस घड़ी में वह पंजाब सरकार को अधिकतम सहयोग करे।'