Ratan Tata Death Live Updates: दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर पूरी दुनिया की हस्तियों ने शोक जाहिर किया है। महाराष्ट्र-झारखंड जैसे राज्यों में एक दिन का राजकीय शोक रखा गया। पीएम मोदी ने भी उनके निधन पर दुख जाहिर किया। रतन टाटा का पार्थिव शरीर सुबह 10 बजे से दर्शन के लिए NCPA में रखा गया। टाटा को याद कर बड़ी हस्तियां भावुक हो रही हैं। वर्ली श्मसान घाट में उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। यहां हमने उनके निधन पर लोगों की प्रतिक्रिया और अंतिम संस्कार से जुड़े अपडेट दिए हैं।
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- Ratan Tata Death News: वर्ली श्मशान भूमि में हुआ रतन टाटा का अंतिम संस्कार, आखिरी विदाई देने उमड़ पड़े थे लोग
Ratan Tata Death News: वर्ली श्मशान भूमि में हुआ रतन टाटा का अंतिम संस्कार, आखिरी विदाई देने उमड़ पड़े थे लोग
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर पूरी दुनिया की हस्तियों ने शोक जाहिर किया है। रतन टाटा का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली में किया गया जिसमें अन्य गणमान्य हस्तियों के साथ गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए।
Ratan Tata Death Live
-
5:49 PM (IST) Oct 10, 2024
वर्ली श्मशान भूमि में हुआ रतन टाटा का अंतिम संस्कार
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली श्मशान भूमि में संपन्न हो गया है। रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
-
5:44 PM (IST) Oct 10, 2024
राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा रतन टाटा का अंतिम संस्कार
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
-
5:39 PM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा के डॉग 'गोवा' ने भी दी श्रद्धांजलि
रतन टाटा के डॉग 'गोवा' ने मुंबई में NCPA लॉन में दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।
-
5:19 PM (IST) Oct 10, 2024
शाह, शिंदे, पटेल और फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को वर्ली श्मशान घाट पर श्रद्धांजलि दी।
-
5:00 PM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा सादगी और विनम्रता के प्रतीक थे: राम नाथ कोविंद
रतन टाटा के निधन पर पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा, 'वो सादगी और विनम्रता के प्रतीक थे। उनकी सोच बहुत अच्छी थी। वो सबको कहते थे कि अगर उद्योग लगाना है या व्यापार करना है तो सबसे पहले राष्ट्रहित आपका होना चाहिए।'
-
4:48 PM (IST) Oct 10, 2024
वर्ली श्मशान घाट पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के अंतिम संस्कार के लिए वर्ली श्मशान घाट पहुंचे।
-
4:39 PM (IST) Oct 10, 2024
राजकीय सम्मान के साथ होगा टाटा का अंतिम संस्कार
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए वर्ली श्मशान घाट लाया गया। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-
4:26 PM (IST) Oct 10, 2024
वर्ली श्मशान घाट पहुंचा रतन टाटा का पार्थिव शरीर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के अंतिम संस्कार के लिए वर्ली श्मशान घाट पहुंचे। रतन टाटा का पार्थिव शरीर वर्ली श्मशान घाट पर पहुंच चुका है।
-
4:17 PM (IST) Oct 10, 2024
सुदर्शन पटनायक ने उद्योगपति रतन टाटा को यूं दी श्रद्धांजलि
रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर रेत से उनकी कलाकृति बनाई।
-
4:06 PM (IST) Oct 10, 2024
वर्ली श्मशान घाट ले जाया जा रहा रतन टाटा का पार्थिव शरीर
उद्योगपति रतन टाटा का पार्थिव शरीर मुंबई के NCPA लॉन से अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है। अंतिम संस्कार वर्ली श्मशान घाट पर होगा।
-
3:52 PM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रवाना हुए भाई जिमी
उद्योगपति रतन टाटा के भाई जिमी नवल टाटा मुंबई में रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वहां से रवाना हुए।
-
3:34 PM (IST) Oct 10, 2024
देश के लिए रतन टाटा का योगदान अमूल्य है: आमिर खान
अभिनेता आमिर खान ने कहा, 'यह देश के लिए दुखद दिन है। देश के लिए रतन टाटा का योगदान अमूल्य है। हम सभी उन्हें बहुत याद करेंगे।'
-
3:18 PM (IST) Oct 10, 2024
चंद्रबाबू नायडू ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मुंबई में रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
-
3:16 PM (IST) Oct 10, 2024
'रतन टाटा जी का निधन भारत के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है'
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने रतन टाटा के निधन पर कहा, 'भारत की औद्योगिक क्रांति के महानायक रतन टाटा जी का निधन भारत के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। चाहे वह स्वतंत्रता आंदोलन हो, उद्योगों का निर्माण हो या लाखों लोगों को रोजगार देना हो, टाटा परिवार ने देश के लिए बहुत योगदान दिया है। उन्होंने देश के हित में काम किया है। रतन टाटा ने देश को बहुत कुछ दिया है, उन्होंने युवाओं को रोजगार दिया है, बुनियादी ढांचे को बढ़ाने में योगदान दिया है। रतन टाटा ने देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है।'
-
2:57 PM (IST) Oct 10, 2024
मुकेश अंबानी और नीता अंबानी ने दी श्रद्धांजलि
रिलायंस इंडस्ट्रीड के मालिक मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ने रतन टाटा के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। रतन टाटा का अंतिम संस्कार जल्द ही वर्ली श्मसान घाट में किया जाएगा।
-
2:51 PM (IST) Oct 10, 2024
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग की है। इसके साथ ही महाराष्ट्र सरकार ने तय किया है कि रतन टाटा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
-
2:36 PM (IST) Oct 10, 2024
अमित शाह ने श्रद्धांजलि दी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी। वह भारत सरकार की तरफ से रतन टाटा के अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे। रतन टाटा के अंतिम संस्कार में कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। शाम चार बजे वर्ली श्मसान घाट में रतन टाटा का अंतिम संस्कार शुरू होगा।
-
2:16 PM (IST) Oct 10, 2024
देश उन्हें सम्मान के साथ याद रखेगा- सर्बानंद सोनोवाल
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, "देश के महान 'सेवक' रतन टाटा अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश के विकास को दिशा देने के लिए जो कदम उठाए, उसके लिए इतिहास उन्हें हमेशा बहुत सम्मान के साथ याद रखेगा।"
-
2:02 PM (IST) Oct 10, 2024
टाटा संस के पूर्व CEO का बयान
रतन टाटा के निधन पर टाटा संस की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी मीनू मोदी ने कहा, "यह एक क्षति है, उन्होंने उत्तराधिकार की व्यवस्था उसी तरह की, जैसा टाटा हमेशा करते हैं। वह हमेशा लोगों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और मददगार रहे।"
-
12:34 PM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग
रतन टाटा के निधन के बाद उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठ रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग रतन टाटा को भारत रत्न दिए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्हें पहले ही पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने इस विषय पर प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव में कहा गया है कि महाराष्ट्र सरकार दिवंगत रतन टाटा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने के लिए केंद्र से अनुरोध करेगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की कि उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-
12:20 PM (IST) Oct 10, 2024
अनन्या बिड़ला ने दी श्रद्धांजलि
रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए उद्यमी अनन्या बिड़ला ने कहा "वे एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उन्होंने इतने सालों तक कड़ी मेहनत और अनुशासन का पालन किया। उम्मीद है कि हम सभी कड़ी मेहनत करेंगे और उनकी विरासत को आगे ले जाएंगे।"
-
12:09 PM (IST) Oct 10, 2024
यह देश के लिए बड़ी क्षति- कुमार मंगलम बिड़ला
आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, "यह देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। न केवल कॉरपोरेट इंडिया के लिए बल्कि पूरे देश के लिए। उनके काम का प्रभाव अद्वितीय है। हमें उन्हें उनके काम की समृद्धि के माध्यम से याद रखना चाहिए। हम कई साल पहले कई बार मिले थे - वह शांत, मितव्ययी थे और हमेशा देश के हित में सोचते थे।"
-
11:50 AM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा जी भारत के रत्न थे- साइना एनसी
रतन टाटा के निधन पर भाजपा नेता शाइना एनसी ने कहा, "रतन टाटा जी भारत के रत्न थे। उनके तीन पहलू ऐसे हैं जिनके बारे में लोग नहीं जानते - पहला उनकी सादगी, दूसरा उनकी उदारता और तीसरा जानवरों के प्रति उनकी दया। यह संपूर्ण मनुष्यत्व को दर्शाता है।"
-
11:32 AM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा को याद कर भावुक हुए पीयूष गोयल
रतन टाटा के साथ अपनी यादें ताजा करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "140 करोड़ भारतीय और पूरी दुनिया उनसे प्यार करती है।"
-
11:08 AM (IST) Oct 10, 2024
अजित पवार ने दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने मुंबई में एनसीपीए लॉन में रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
-
11:00 AM (IST) Oct 10, 2024
शरद पवार ने दी श्रद्धांजलि
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार और सुप्रिया सुले ने मुंबई के एनसीपीए मैदान में रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि दी। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा "अपने (रतन टाटा) नाम की तरह ही वे देश के लिए 'अनमोल रतन' थे। वे एक उद्योगपति थे जिन्होंने देश के लिए काम किया। उन्होंने देश के औद्योगिक विकास और मजबूती में योगदान दिया। कांग्रेस पार्टी की ओर से मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
-
10:45 AM (IST) Oct 10, 2024
दूसरा रतन टाटा नहीं होगा- सुहेल सेठ
रतन टाटा के करीबी सुहेल सेठ ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "कोई दूसरा रतन टाटा नहीं होगा...आज हर भारतीय दुखी है। मैं उन्हें एक ऐसे इंसान के रूप में याद रखूंगा जो बहुत ही शालीन और गरिमापूर्ण था, जिसमें बहुत दया थी। ऐसा व्यक्ति जिसने अपना जीवन इतने साहस, धैर्य और देश के प्रति प्रेम के साथ जिया। मुझे नहीं लगता कि कोई दूसरा रतन टाटा नहीं होगा। वह एक अलग तरह के इंसान थे। अनेक किस्से हैं, यह इस बारे में नहीं है कि रतन टाटा ने व्यवसाय में क्या हासिल किया, बल्कि वह व्यक्ति कुछ और ही था चाहे वह उसका स्टाफ हो या व्यवसाय। वह भारत में एक महान चरित्र, मानवता और एक विरासत छोड़ जाएगा, जिसका लोग अनुसरण करना पसंद करेंगे। उन्होंने हर भारतीय को परिभाषित किया।"
-
10:36 AM (IST) Oct 10, 2024
अमेरिकी राजदूत ने दी श्रद्धांजलि
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने लिखा "भारत और दुनिया ने एक विशाल हृदय वाले दिग्गज को खो दिया है। जब मुझे राजदूत के रूप में सेवा देने के लिए नामित किया गया, तो भारत की ओर से पहली बधाई रतन टाटा की ओर से आई, जिन्होंने दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के बोर्ड में रहते हुए मेरे गृहनगर की बहुत सेवा की। उन्होंने अपने देश के लिए अधिक समृद्धि और समानता का भविष्य देखा और हमारी दुनिया के लिए बहुत कुछ किया। उनकी स्मृति और आशीर्वाद बना रहे।"
-
10:25 AM (IST) Oct 10, 2024
नेपाली प्रधानमंत्री ने जताया शोक
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक जाहिर करते हुए लिखा, "उद्योग जगत के एक सच्चे दिग्गज रतन टाटा के निधन से बहुत दुख हुआ। व्यापार के साथ-साथ परोपकार में उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत से बाहर भी बड़ी संख्या में लोगों के जीवन को प्रभावित किया। उनकी विरासत और समाज पर सकारात्मक प्रभाव को संजोया जाएगा।"
-
10:12 AM (IST) Oct 10, 2024
एनसीपीए लॉन में रखा गया रतन टाटा का पार्थिव शरीर
रतन एन टाटा का पार्थिव शरीर जनता के अंतिम दर्शन के लिए एनसीपीए लॉन में रखा गया। आम लोग तीन नंबर गेट से लॉन के अंदर जाकर रतन टाटा के पार्थिव शरीर के दर्शन कर सकते हैं।
-
8:57 AM (IST) Oct 10, 2024
देवेंद्र फडणवीस ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा "टाटा ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष और टाटा ट्रस्ट के सर्वेसर्वा, वरिष्ठ उद्योजक रतन जी टाटा के निधन की खबर से स्तब्ध हूं। रतन जी का संपूर्ण जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहा। एक उद्यमी के रूप में, उन्होंने हमेशा व्यापार से अधिक राष्ट्रीय और समाज के हित को व्यापक प्राथमिकता दी। उन्होंने टाटा समूह के उत्पादों की विश्वसनीयता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक सफल और दूरदर्शी उद्यमी होने के अलावा, रतन जी ने सामाजिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुंबई टाटा समूह की कर्मभूमि है, इसलिए उनका मुंबई और महाराष्ट्र पर विशेष प्रेम था। उनके जाने से भारतीय उद्योग एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार, परिचितों और उनसे जुड़े सभी लोगों को यह दर्द सहने की शक्ति प्रदान करें।"
-
8:19 AM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमित शाह
अमित शाह रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वह भारत सरकार की तरफ से वर्ली श्मसान घाट पहुंचेंगे। यहां 3.30 के बाद रतन टाटा का अंतिम संस्कार शुरू होगा। पहले 45 मिनट तक प्रेयर की जाएगी। इसके बाद इलेक्ट्रिक अग्निदाह में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होगी।
-
8:17 AM (IST) Oct 10, 2024
पीएम मोदी ने नोएल टाटा से बात की
रतन टाटा के निधन के बाद पीएम मोदी ने नोएल टाटा से बात की और दुख जाहिर किया। रतन टाटा के भाई नोएल टाटा आयरलैंड के बिजनेसमैन हैं। हालांकि, उनका जन्म भारत में ही हुआ था।
-
7:51 AM (IST) Oct 10, 2024
इलेक्ट्रिक अग्निदाह में होगा अंतिम संस्कार
वरली के पारसी शमशान भूमि में रतन टाटा का अंतिम संस्कार होगा। सबसे पहले पार्थिव शरीर को प्रेयर हॉल में रखा जाएगा, जहां करीब 200 लोग मौजूद रह सकते हैं। करीब 45 मिनट तक प्रेयर होगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को इलेक्ट्रिक अग्निदाह में रखा जाएगा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
-
7:32 AM (IST) Oct 10, 2024
मुंबई के वर्ली में अंतिम संस्कार
मुंबई के वर्ली में रतन टाटा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और दोपहर 3.30 बजे NCPA से अंतिम संस्कार के लिए वर्ली ले जाया जाएगा।
-
7:08 AM (IST) Oct 10, 2024
रतन टाटा के अंतिम दर्शन के लिए गाइडलाइन जारी
मुंबई पुलिस की तरफ से कहा गया है कि रतन एन टाटा का पार्थिव शरीर गुरुवार, 10 अक्टूबर 2024 को सुबह 10:30 बजे एनसीपीए लॉन, नरीमन पॉइंट, मुंबई ले जाया जाएगा, ताकि आम लोग दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें। आम लोग गेट नंबर 3 से एनसीपीए लॉन में प्रवेश कर सकेंगे और गेट नंबर 2 से बाहर निकल पाएंगे। परिसर में पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। दोपहर 3.30 बजे पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
-
6:45 AM (IST) Oct 10, 2024
10 बजे से अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
मुंबई पुलिस के दक्षिण क्षेत्र के अतिरिक्त आयुक्त अभिनव देशमुख ने बताया कि रतन टाटा का पार्थिव शरीर सुबह 10 बजे से दोपहर 3.30 बजे के बीच दर्शन के लिए एनसीपीए में रखा जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस सभी व्यवस्थाएं करेगी।
-
6:41 AM (IST) Oct 10, 2024
महाराष्ट्र-झारखंड में राजकीय शोक का ऐलान
उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को राजकीय महाराष्ट्र और झारखंड सरकार ने एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। 86 वर्षीय टाटा ने दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में बुधवार रात 11.30 बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।