1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट, जानिए अन्य राज्यों के मौसम का हाल

असम के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट, जानिए अन्य राज्यों के मौसम का हाल

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 30, 2025 11:37 pm IST,  Updated : May 30, 2025 11:37 pm IST

मौसम विभाग ने असम में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि हिमाचल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के चलते राजस्थान में अगले सप्ताह आंधी और बारिश का अनुमान जताया है।

Weather- India TV Hindi
बारिश Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में प्री मॉनसून बारिश हो रही है जबकि दक्षिणी राज्यों में समय से पहले मॉनसून का आगमन हो चुका है। मौसम विभाग ने असम में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि हिमाचल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के चलते राजस्थान में अगले सप्ताह आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। वहीं दक्षिणी राज्य केरल में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

धुबरी, गोलापार समेत कई जिलों में रेड अलर्ट

सबसे पहले बात करते हैं असम की, जहां राजधानी गुवाहाटी समेत प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कई जिलों भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर, गोलपारा, कोकराझार, चिरांग, बक्सा, बारपेटा, बोंगाईगांव, बजाली, तामुलपुर, नलबाड़ी, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, दिमा हसाओ, कछार, हैलाकांडी और श्रीभूमि जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। कामरूप, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, दरांग, उदालगुड़ी, मोरीगांव, नगांव, होजई, कार्बी आंगलोंग, गोलाघाट और सोनितपुर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। 

रेड अलर्ट वाले जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। 'ऑरेंज अलर्ट' वाले 10 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। आरएमसी ने चिरांग, बक्सा, बारपेटा, बोंगाईगांव, बजाली, तामुलपुर, दरांग और उदागुड़ी जिलों में शनिवार के लिए भी 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।

हिमाचल में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अगले दो दिनों तक भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है।  शिमला में शुक्रवार की सुबह भारी बारिश के बाद ओलावृष्टि हुई, जिससे स्कूली बच्चों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब सात बजकर 20 मिनट से शुरू हुई 40 मिनट की भारी बारिश के कारण शिमला शहर में जगह-जगह नालियां जाम हो गईं और सड़कों पर कचरा फैल गया। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करने के साथ ही आंधी, बिजली चमकने के लिए ’यलो अलर्ट’ भी जारी किया है।

स्थानीय मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम से राजगढ़ में 70 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि घाघस में 47 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 46. 1 मिलीमीटर, कसौली में 40 मिलीमीटर, बलद्वाड़ा में 37 मिलीमीटर, धरमपुर में 32.4 मिलीमीटर, नेरी में 30.5 मिलीमीटर और स्लेपर में 30.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, मुरारी देवी में 29.6 मिलीमीटर बारिश हुई, बग्गी में 29.3 मिलीमीटर, शिमला में 27.6 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 23.8 मिलीमीटर, नादौन में 21.5 मिलीमीटर, देहरा गोपीपुर में 18.3 मिलीमीटर और बिलासपुर में 10.8 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि बिलासपुर, सेऊबाग, बजौरा, कुकुमसेरी और बर्थिन में 39 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। 

राजस्थान में आंधी व बारिश का अनुमान 

एक नए वेस्टर्न डिस्टर्वेंस के प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में अगले सप्ताह आंधी चलने व बारिश होने का अनुमान है।  राज्य में शुक्रवार को अधिकतम तापमान जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 31 मई से एक जून के दौरान आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर आंधी बारिश दर्ज होने की संभावना है। हालांकि, अगले सप्ताह यानी दो जून से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और 2-4 जून के दौरान दोपहर बाद गरज के साथ बौछारें पड़ने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश होने की प्रबल संभावना है। आगामी 4-5 दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। वहीं, शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 42.4 डिग्री, बीकानेर में 42.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.4 डिग्री, जोधपुर में 40.4 डिग्री व फलोदी में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर सहित अनेक इलाकों में हल्के बादल छाए रहने व हवा चलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। 

केरल के 8 जिलों में रेड अलर्ट

केरल में शुक्रवार को मानसून की भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ और सामान्य जनजीवन बाधित हुआ। मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टयम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, कन्नूर और कासरगोड में ‘रेड अलर्ट’ तथा राज्य के शेष छह जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।  इसके अलावा तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जिलों में अपराह्न एक बजे से तीन घंटे के लिए अलर्ट की स्थिति को ‘ऑरेंज’ से ‘रेड’ कर दिया। राज्य के राजस्व मंत्री के.राजन ने कहा कि भारी बारिश से प्रदेश में व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कहा कि चूंकि अगले पांच दिनों तक केरल में पश्चिमी हवाएं चलने की उम्मीद है और भारी वर्षा की संभावना के कारण सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि अगर अगले पांच दिनों तक सभी सावधान रहते हैं तो किसी भी बड़े संकट से बचा जा सकता है। 

पूर्वोत्तर भारत में आंधी और बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर भारत में तेज हवा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, तटीय कर्नाटक, ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं देश के उत्तरी राज्य जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में इलाकों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत