1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया का AI डीपफेक वायरल, अरुणाचल में चीनी कब्जे का दावा निकला फर्जी

लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया का AI डीपफेक वायरल, अरुणाचल में चीनी कब्जे का दावा निकला फर्जी

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 26, 2026 11:47 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 11:50 pm IST

सोशल मीडिया पर लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया का एक फर्जी AI डीपफेक वीडियो वायरल हुआ। इसमें दावा किया गया कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया है और भारतीय सेना की सप्लाई लाइन बाधित हो गई है। भारतीय सेना ने इन दावों को झूठा बताया।

लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया के पुराने वीडियो से बनाया AI डीपफेक वायरल- India TV Hindi
लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया के पुराने वीडियो से बनाया AI डीपफेक वायरल Image Source : INDIA TV

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए डीपफेक वीडियो बनाकर सेना को लेकर गलत जानकारी फैलाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक फर्जी वीडियो में लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया को यह कहते हुए दिखाया गया कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया है और भारतीय सेना की सप्लाई लाइन ठप हो गई है। हालांकि, भारतीय सेना ने इस वीडियो को फर्जी बताया है।

वायरल वीडियो में दावा किया गया कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के असाफिला, लोंगजू और तक्सिंग सर्कल में घुसपैठ कर ली है। इसमें यह भी दिखाया गया कि भारतीय सैनिकों को जरूरी सप्लाई नहीं मिल पा रही है और कुछ सैनिकों का पता नहीं चल रहा है। वीडियो में चेहरा और आवाज लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया के होने की वजह से इसे पहली नजर में पहचानना मुश्किल था कि वीडियो असली है या नकली।

पुराने वीडियो को एडिट कर बनाया गया Deepfake

सेना के मुताबिक, इस फर्जी वीडियो को लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया के पुराने वीडियो को AI की मदद से एडिट करके तैयार किया गया। उनके असली वीडियो में चीन की घुसपैठ का जिक्र नहीं था, बल्कि पाकिस्तान की ओर से होने वाली घुसपैठ और आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी गई थी।

सेना के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने 27 अक्टूबर 2023 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने बताया था कि पिछले कुछ दिनों में घुसपैठ की 10 कोशिशों को नाकाम किया गया और 27 आतंकवादी मारे गए। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए थे।

इसी पुराने वीडियो को एडिट करके उसमें उनकी आवाज में चीन के कब्जे और भारतीय सेना की सप्लाई बाधित होने से जुड़े फर्जी दावे जोड़ दिए गए। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फर्जी वीडियो

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी इसे रीपोस्ट किया और सरकार से जवाब मांगा। वीडियो के व्यापक प्रसार के बाद सेना को स्पष्टीकरण देना पड़ा। सेना ने लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया का असली वीडियो पोस्ट कर स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो फर्जी और AI से तैयार किया गया डीपफेक है।

ये भी पढ़ें-

सोशल मीडिया पर 21 लाख फॉलोअर्स, चुनाव में मिले सिर्फ 33 वोट; चर्चा में राजस्थान के ओमप्रकाश बिश्नोई की हार

मोगा में 2 चचेरे भाइयों की हत्या, 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग; CM मान ने DGP को मौके पर भेजा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।