इस वक्त की बड़ी खबर नागालैंड से सामने आ रही है। यहां कथित तौर पर मिलावटी और जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद से गांव में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि ये घटनाएं अलग-अलग जिलों में हुई हैं। पुलिस के मुताबिक पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक कथित तौर पर अवैध शराब पीने से यह सभी मौतें हुई हैं।
वहीं घटना के बाद से पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच में जुट गई है। जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले पर सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि इन मौतों की जांच करने और मिलावटी शराब के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) आई. बुंगलांग चांग की अगुवाई में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस घटना में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि नागालैंड में 1990 से ही शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद इस तरह की घटना होना प्रशासन के रवैये पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है। शराबबंदी के बावजूद इलाके में जहरीली शराब किस तरह से बेंची या पहुंचाई जा रही थी, यह जांच का विषय है। (इनपुट- PTI)
खबर अपडेट की जा रही है...