1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘पंजाब का मुखिया ही नशा करके विधानसभा पहुंचता है’, शिवराज चौहान का भगवंत मान पर बड़ा हमला, पूछा- नशे के सौदागरों को पनाह कौन दे रहा?

‘पंजाब का मुखिया ही नशा करके विधानसभा पहुंचता है’, शिवराज चौहान का भगवंत मान पर बड़ा हमला, पूछा- नशे के सौदागरों को पनाह कौन दे रहा?

 Reported By: Devendra Parashar,  Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Sep 21, 2026 02:20 pm IST,  Updated : Sep 21, 2026 02:20 pm IST

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर नशे के मुद्दे को लेकर हमला बोला। उन्होंने नशा तस्करों को संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए सरकार से सवाल किया।

Shivraj bhagwant- India TV Hindi
शिवराज चौहान और भगवंत मान। Image Source : PTI

पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर सियासी घमासान के बीच केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है। भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में शामिल होने पहुंचे चौहान ने पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य को नशे के दरिया में डुबोया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन परिवारों की बेटियां और बहनें नशे के खिलाफ अपना दर्द बताने पहुंच रही हैं, उन्हें पुलिस थाने में बैठाया गया। चौहान ने सवाल किया कि आखिर नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा है और किसकी छाया में उनका कारोबार फल-फूल रहा है? उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को लेकर राज्य में सियासी टकराव तेज हो गया है।

‘पंजाब का मुखिया ही नशा करके विधानसभा पहुंच जाता है’

शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा, 'पंजाब का तो मुखिया ही नशा करके विधानसभा में पहुंच जाता है, कितना बड़ा दुर्भाग्य है पंजाब का।' इसके बाद उन्होंने भगवंत मान से सवाल किया कि उनकी सरकार की पुलिस ने उन बहनों को थाने में बैठाने की हिम्मत कैसे की, जो अपना दर्द और अपनी व्यथा भाजपा नेताओं के सामने रखने आ रही थीं। चौहान ने कहा कि एक तरफ पंजाब को नशे के संकट में डुबोया जा रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले नशे की समस्या खत्म करने का वादा किया था। उन्होंने इसी मुद्दे पर पंजाब सरकार से जवाब मांगा और नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े किए।

‘नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा?’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इसके पीछे कौन है। उन्होंने पूछा, 'आज नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा है? उनके ऊपर सुरक्षा की छाया किसकी है? उन्हें पनाह कौन दे रहा है? किसके संरक्षण में ये नशे के सौदागर फल-फूल रहे हैं?' चौहान ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर नशे की समस्या से निपटने में विफल रहने का आरोप भी लगाया। इससे पहले भी वह पंजाब के ड्रग संकट को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साध चुके हैं और लोगों से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में शामिल होने की अपील कर चुके हैं।

तलवंडी साबो से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में शामिल हुए शिवराज

शिवराज सिंह चौहान सोमवार को एक दिवसीय पंजाब दौरे पर पहुंचे। उन्होंने तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेका और इसके बाद दाना मंडी, रविदासिया चौक से भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के चौथे चरण को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे। भाजपा ने 18 सितंबर से पंजाब में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू की है। चार अलग-अलग स्थानों से शुरू हुई यह यात्रा राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचने की योजना के साथ आगे बढ़ रही है और 30 सितंबर को जालंधर में इसका समापन प्रस्तावित है।

मैसर खाना में जनसभा, बठिंडा में किसानों से संवाद

तलवंडी साबो के कार्यक्रम के बाद शिवराज सिंह चौहान मैसर खाना पहुंचे, जहां उन्होंने ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वह गुरुद्वारा तित्तरसर साहिब पहुंचे और लंगर में शामिल हुए। अपने पंजाब दौरे के अंतिम चरण में केंद्रीय मंत्री बठिंडा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान कृषि, ग्रामीण आजीविका और महिला समूहों से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत का कार्यक्रम रखा गया था।

नशे के मुद्दे पर भाजपा और आप आमने-सामने

पंजाब में नशे का मुद्दा इन दिनों भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव का बड़ा केंद्र बन गया है। भाजपा ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के जरिए राज्य में ड्रग्स के खिलाफ अभियान चला रही है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पार्टी भाजपा के अभियान पर सवाल उठा चुके हैं। मान ने भाजपा से उसके शासन वाले राज्यों और ड्रग सप्लाई के स्रोतों को लेकर जवाब मांगा है।

ये भी पढ़ें: "पैसा, दबंगई और आपसी लड़ाई", राजभर ने फिर बताया PDA का मतलब, अखिलेश पर कसा तंज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत