1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कांग्रेस की कमान अब खड़गे के हाथ में, सोनिया गांधी ने की राहत की बात, तो मिला ये जवाब

कांग्रेस की कमान अब खड़गे के हाथ में, सोनिया गांधी ने की राहत की बात, तो मिला ये जवाब

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 26, 2022 04:01 pm IST,  Updated : Oct 26, 2022 04:13 pm IST

कांग्रेस में खड़गे युग शुरू हो गया है। आज उन्हें कांग्रेस की कमान सौंपी गई। इसे लेकर सोनिया गांधी ने खड़गे को बधाई देते हुए कहा कि अब वो राहत महसूस कर रही हैं। इस पर खड़गे ने उन्हें जवाब दिया।

सोनिया गांधी - India TV Hindi
सोनिया गांधी Image Source : FILE PHOTO

कांग्रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे युग की शुरुआत हो चुकी है। खड़गे ने पार्टी के अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली है। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनको बधाई दी और कहा कि अब मैं राहत महसूस कर रही हूं। हालांकि, जिस वक्त सोनिया गांधी ने राहत की बात कही, मंच पर बैठे खड़गे ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि आपको राहत नहीं मिलेगी।

खड़गे जी अनुभवी और जमीन से जुड़े नेता हैं: सोनिया 

सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में कहा, "कांग्रेस के नए अध्यक्ष खड़गे जी व अन्य नेताओं को धन्यवाद करती हूं। मैं प्रसन्न हूं, खड़गे जी अनुभवी और जमीन से जुड़े नेता हैं। अपनी लगन से वह इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं, उनसे पार्टी को प्रेरणा मिलेगी और उनके नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत होगी।"

यह सम्मान एक बड़ी जिम्मेदारी भी थी: सोनिया गांधी

उन्होंने कहा, "मैं इसलिए राहत महसूस कर रही हूं, मैं इस बात को साफ तौर पर करना चाहती हूं कि आपने इतने सालों से मुझे जो प्यार और सम्मान दिया है, उसका अहसास मुझे जीवन की आखिरी सांस तक रहेगा, लेकिन यह सम्मान एक बड़ी जिम्मेदारी भी थी।"

पार्टी के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष

उन्होंने आगे कहा, "परिवर्तन संसार का नियम है। ये जीवन के हर क्षेत्र में होता है। आज हमारी पार्टी के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं। सबसे बड़ी चुनौती देश के सामने लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरा बना है, उसका मुकाबला कैसे करें? कांग्रेस के सामने पहले भी बड़े संकट आए हैं, लेकिन हमने हार नहीं मानी। मैं मलिकार्जुन खड़गे का स्वागत करती हूं।"

माकन ने सोनिया गांधी के समर्थन में प्रस्ताव भी पास किया

इससे पहले कांग्रेस नेता अजय माकन ने सभा को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी के समर्थन में एक प्रस्ताव भी पास किया। पार्टी के सभी मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने खड़े होकर प्रस्ताव का अनुमोदन किया। उन्होंने कहा, "इतनी सारी बातें और इतने सारे कार्य सोनिया जी ने पिछले 25 वर्षों में देश के लिए और कांग्रेस के लिए किए, लेकिन फिर भी हमने कोशिश की है, इस प्रस्ताव के अंदर कुछ भावनाएं, जो कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की, नेताओं की, देश के लोगों की हैं, वो इसमें डाल सकें।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत