1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. SpiceJet की फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग, 4 बच्चों समेत 205 यात्री थे सवार

SpiceJet की फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग, 4 बच्चों समेत 205 यात्री थे सवार

 Published : Aug 29, 2025 06:31 pm IST,  Updated : Aug 29, 2025 06:31 pm IST

स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 385 को प्रेशराइजेशन में खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट में 205 यात्री और 7 क्रू सदस्य सवार थे। बता दें कि जनवरी 2024 से 10 ऐसी इमरजेंसी लैंडिंग हुई थीं और यह ऐसी 11वीं घटना है।

SpiceJet emergency landing, SG 385 flight news, Srinagar flight emergency- India TV Hindi
श्रीनगर में स्पाइसजेट की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

श्रीनगर: दिल्ली से श्रीनगर जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट की शुक्रवार को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट SG 385 को शुक्रवार दोपहर हवाई दबाव यानी कि प्रेशराइजेशन में तकनीकी खराबी के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। इस फ्लाइट में 4 बच्चों समेत 205 यात्री और 7 क्रू मेंबर सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट ने दोपहर 3:27 बजे सुरक्षित लैंडिंग की और किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को मेडिकल सहायता की जरूरत नहीं पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक, अब इस विमान की जरूरी तकनीकी जांच की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह पूरी तरह सुरक्षित है।

क्या हैं विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग के आंकड़े?

हाल ही में, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने राज्यसभा में बताया था कि जनवरी 2024 से लेकर अब तक 10 विमानों को तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस तरह देखा जाए तो आज इमरजेंसी लैंडिंग की 11वीं घटना हुई। इसके अलावा, 2 बार हवा में टर्बुलेंस (आसमान में उथल-पुथल) की घटनाएं भी सामने आईं। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने यह जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि 2020 से जून 2025 तक डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने 171 रेगुलेटरी ऑडिट किए हैं ताकि हवाई यात्रा की सुरक्षा को और बेहतर किया जा सके।

अहमदाबाद प्लेन हादसे में गई थीं 260 लोगों की जानें

मोहोल ने यह भी बताया कि 12 जून 2025 को एयर इंडिया का एक विमान VT-ANB, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहा था, ने मेडे (MAYDAY) घोषित किया और दुर्भाग्यवश यह हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई। बता दें कि अहमदाबाद हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA की ओर से लगातार किए जा रहे ऑडिट और सख्ती से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हवाई यात्रा सुरक्षित रहे। यात्रियों की हिफाजत हमेशा पहली प्राथमिकता है, और इस दिशा में हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत