1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CM विजय ने पुलिस जवानों के बलिदान को किया नमन, परिवारों को मिले 5.96 करोड़ रुपये

CM विजय ने पुलिस जवानों के बलिदान को किया नमन, परिवारों को मिले 5.96 करोड़ रुपये

 Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 21, 2026 05:56 pm IST,  Updated : Oct 21, 2026 06:02 pm IST

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने पुलिस स्मृति दिवस पर चेन्नई में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सात पुलिसकर्मियों के परिवारों को 5.96 करोड़ रुपये की बीमा सहायता के स्वीकृति आदेश सौंपे।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय- India TV Hindi
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय Image Source : PTI

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने चेन्नई स्थित पुलिस स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की सलामी गारद का निरीक्षण किया और पुलिस मुख्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इससे पहले सीएम विजय ने गांधी जयंती के मौके पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा वाली 'वेत्री पयनम' योजना के विस्तार की शुरुआत की थी।

7 पुलिसकर्मियों के परिवारों को 5.96 करोड़ रुपये की सहायता

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु सरकार की वेतन पैकेज योजना के तहत सात पुलिसकर्मियों के परिजनों को कुल 5.96 करोड़ रुपये के व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा संबंधी स्वीकृति आदेश सौंपे। इनमें ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले छह पुलिसकर्मियों के परिवार और कोमा में चल रहे एक पुलिसकर्मी का मामला शामिल है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष देशभर में 154 पुलिसकर्मी और अधिकारी ड्यूटी के दौरान शहीद हुए, जिनमें तमिलनाडु पुलिस के छह जवान भी शामिल हैं।

इस अवसर पर गृह, निषेध एवं आबकारी विभाग के प्रधान सचिव ए. कार्तिक, पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल, ग्रेटर चेन्नई के पुलिस आयुक्त ए. अमलराज सहित वरिष्ठ सरकारी एवं पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त अधिकारी और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।

1959 में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को भी किया नमन

बाद में मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया के माध्यम से लद्दाख सीमा पर वर्ष 1959 में देश की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों को भी श्रद्धांजलि दी। अपने संदेश में उन्होंने पुलिस बल के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं, अपराधों और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न खतरों के बीच साहस एवं सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने आम लोगों से अमर शहीदों को नमन करने और पुलिस विभाग की 24 घंटे चलने वाली सेवा का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने पुलिस को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए एक मजबूत ढाल बताया।

पुडुचेरी में भी शहीदों को श्रद्धांजलि

पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, गृह मंत्री ए. नमस्सिवायम, सरकारी सचेतक ए.के.डी. अरुमुगम और पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह ने पुलिस स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी पढ़ें-

स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर महिलाओं के प्रति व्यवहार को लेकर तीखा हमला, बोलीं- "ओछी बातें करते हैं"

नीरज कुमार के डिस्चार्ज पर अनंत सिंह बोले- " पहले ही बोले 2 दिन में घूमकर आ जाएंगे", चुनाव पर दावा- "जनता का वोट है, हम जीतेंगे"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।