1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात ATS ने तीन आतंकियों को पकड़ा, आतंकी हमला करने के लिए बना रहे थे केमिकल बम

गुजरात ATS ने तीन आतंकियों को पकड़ा, आतंकी हमला करने के लिए बना रहे थे केमिकल बम

 Reported By: Nirnay Kapoor Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 09, 2025 06:35 pm IST,  Updated : Nov 09, 2025 06:44 pm IST

तीनों आतंकी बड़े हमले की साजिश कर रहे थे। वह केमिकल बम बना रहे थे। वहीं, उनके हैंडलर पाकिस्तान में बैठे थे और ड्रोन के जरिए उन्हें हथियार भेज रहे थे।

Terrorist- India TV Hindi
एटीएस की गिरफ्त में तीनों आतंकी Image Source : REPORTER INPUT

एंटी टेरर स्कॉड की गुजरात यूनिट ने रविवार (9 अक्टूबर) को तीन आतंकियो को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आतंकी हमला करने के लिए केमिकल बम बना रहे थे। इनमें से एक आतंकी ने चीन में एमबीबीएस की डिग्री भी ली थी। गुजरात एटीएस को एक सेंसिटिव इन्फॉर्मेशन मिली थी कि हैदराबाद निवासी अहमद मोहय्यूद्दीन सैयद नामक व्यक्ति भारत में आतंकवादी हमला करने की साजिश में शामिल है और फिलहाल वह इस साजिश को अंजाम देने के उद्देश्य से गुजरात के अहमदाबाद में मौजूद है। इस आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

खुफिया जानकारी के आधार पर एटीएस ने जांच शुरू की और टेक्निकल एनालिसिस के आधार पर अहमदाबाद-महेसाणा रोड पर अडालज टोल प्लाजा के आगे एक सिल्वर कलर की फोर्ड फिगो कार को रोका गया। इस कार में अहमद मोहय्यूद्दीन सैयद मिला। उसके पास से दो ग्लॉक पिस्टल, एक बेरेटा पिस्टल, कुल 30 जीवित कारतूस और 10 लीटर की प्लास्टिक की बोतल में लगभग 4 लीटर कैस्टर ऑयल बरामद हुआ।

पाकिस्तान से जुड़े साजिश के तार

शुरुआती पूछताछ में पता चला कि अहमद मोहय्यूद्दीन सैयद एक बड़े आतंकवादी हमले की योजना में शामिल था। उसे हथियारों का यह जखीरा कलोल के पास एक सुनसान जगह से मिला था। सैयद ने बताया कि उसका संपर्क एक व्यक्ति अबू खदीजा से था, जो अफगानिस्तान का निवासी है और आईएसकेपी (इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रांत) से जुड़ा है। इसके साथ ही वह कई पाकिस्तानी नागरिकों के संपर्क में भी था।

केमिकल बम बना रहा था आरोपी

सैयद भारत में एक रासायनिक बम (रिगिन गैस) तैयार कर रहा था और इसके लिए उसने कच्चा माल व अन्य उपकरण खरीदे थे। गौरतलब है कि वह चीन से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर चुका है। सैयद के मोबाइल से मिले डेटा, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन के आधार पर एटीएस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान आजाद सुलेमान शेख और मोहम्मद सुहैल मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है। ये दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन दोनों ने भी आतंकवादी विचारधारा अपनाई हुई थी और हथियारों का यह जखीरा हनुमानगढ़ (राजस्थान) से लाए थे।

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आते हैं हथियार

आतंकियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उन्होंने लखनऊ, दिल्ली और अहमदाबाद की कई संवेदनशील जगहों की रेकी की थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके हैंडलर पाकिस्तान बॉर्डर से ड्रोन के जरिए हथियार भेजते हैं। इसके बाद एटीएस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर अहमद मोहय्यूद्दीन सैयद, आजाद सुलेमान शेख, मोहम्मद सुहैल मोहम्मद सलीम और फरार आरोपी अबू खदीजा के खिलाफ यूएपीए, भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया। अहमद मोहय्यूद्दीन सैयद को अदालत में पेश किया गया और वह 17 नवंबर तक पुलिस रिमांड में रहेगा। अन्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं के खिलाफ जांच जारी है।

आरोपियों की पहचान

1. अहमद मोहय्यूद्दीन सैयद, उम्र 35 वर्ष, पेशा: डॉक्टर

   पता: फर्स्ट फ्लोर, अर्द मंज़िल, स्ट्रीट नं. 9, फेयरव्यू कॉलोनी, स्कोडा शोरूम के सामने, राजेंद्रनगर, हैदराबाद (तेलंगाना)

2. आज़ाद सुलेमान शेख, उम्र 20 वर्ष, पेशा: सफाई कार्य
   पता: कस्बा जींजाना, शेखा मैदान, सलारा, तहसील: कैराना, जिला: शामली, उत्तर प्रदेश

3. मोहम्मद सुहैल मोहम्मद सलीम खान, उम्र 23 वर्ष, पेशा: विद्यार्थी
   पता: वार्ड नं. 01, पश्चिम चमरौवा, कस्बा सिंघही कला, तहसील: धनगासन, जिला: लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश

यह भी पढ़ें-

पीएनबी घोटाला: मेहुल चौकसी की 46 करोड़ की संपत्ति होंगी नीलाम, मुंबई के PMLA कोर्ट ने दी मंजूरी

मुकेश अंबानी ने तिरुमाला में आधुनिक रसोई बनवाने की घोषणा की, प्रति दिन 2 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा पवित्र भोजन

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत