1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तिरुपति से हैदराबाद जा रहे विमान में खराबी, 40 मिनट बाद हुई इमरजेंसी लैंडिंग, जानिए इंडिगो ने क्या कहा?

तिरुपति से हैदराबाद जा रहे विमान में खराबी, 40 मिनट बाद हुई इमरजेंसी लैंडिंग, जानिए इंडिगो ने क्या कहा?

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 21, 2025 12:02 pm IST,  Updated : Jul 21, 2025 03:40 pm IST

तिरुपति से हैदराबाद जा रहे एक विमान में तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है। विमान 40 मिनट तक हवा में चक्कर काटता रहा। हालांकि अंत में विमान को तिरुपति एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

उड़ान के बाद सामने आई टेक्निकल खराबी।- India TV Hindi
उड़ान के बाद सामने आई टेक्निकल खराबी। Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE

तिरुपति से हैदराबाद जा रहा इंडिगो का एक विमान तकनीकी खराबी के कारण 40 मिनट से ज्यादा समय तक आसमान में मंडराता रहा। इसके बाद विमान को तिरुपति एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। इंडिगो के एयरबस A321neo ने रविवार शाम 7:42 बजे तिरुपति से उड़ान भरी थी। उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, विमान लगभग 40 मिनट तक आकाश में चक्कर लगाने के बाद वेंकटनगरी की सीमा तक पहुंच गया और फिर यू-टर्न ले लिया। आखिरकार विमान ने रात 8:34 बजे तिरुपति एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की।

विमान की कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

इस घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और यात्री काफी घबराए हुए थे। हालांकि इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उन्हें सुरक्षित उतार लिया गया। हालांकि, इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर दिखाया गया कि उड़ान तिरुपति से शाम 7:20 बजे रवाना हुई और रात 8:30 बजे हैदराबाद पहुंची, जो ट्रैकिंग वेबसाइट पर दिए गए वास्तविक समय के आंकड़ों से उलट है।

तिरुपति-हैदराबाद उड़ान रद्द

इस घटना के बाद, तिरुपति से हैदराबाद जाने वाली आखिरी उड़ान रद्द कर दी गई। इससे कई यात्रियों में निराशा फैल गई। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें गुस्साए यात्री एयरपोर्ट पर इंडिगो कर्मचारियों से भिड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल, इंडिगो ने इमरजेंसी लैंडिंग या विमान को रोकने वाली तकनीकी समस्या के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। कुछ दिनों पहले भी नई दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक उड़ान को बीच उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण रात में मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।

इंडिगो ने क्या कहा?

इस घटना को लेकर इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा "20 जुलाई 2025 को तिरुपति से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 6591 में एक छोटी सी तकनीकी खराबी पाई गई। एहतियात के तौर पर, पायलटों ने विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया और तिरुपति में सुरक्षित लैंडिग की। विमान का परिचालन फिर से शुरू करने से पहले जरूरी जांच की जाएगी। हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हमने उन्हें जलपान और होटल में ठहरने की सुविधा प्रदान करने सहित असुविधा को कम करने के सभी प्रयास किए हैं। सभी प्रभावित ग्राहकों को उनकी पसंद के अनुसार अगली उपलब्ध फ्लाइट में ट्रांसफर कर दिया गया है। टिकट कैंसिल करने पर पूरा रिफंड दिया गया है। इंडिगो में, हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत