1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड: उत्तरकाशी में बादल फटने से हाहाकार, 5 VIDEOS में देखें तबाही का मंजर

उत्तराखंड: उत्तरकाशी में बादल फटने से हाहाकार, 5 VIDEOS में देखें तबाही का मंजर

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Aug 05, 2025 05:14 pm IST,  Updated : Aug 05, 2025 05:49 pm IST

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से भीषण तबाही मची है, जिससे भारी जन और धन की हानि हुई है। इस घटना से जुड़े तमाम वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Uttarakhand Cloudburst- India TV Hindi
बादल फटने से मची तबाही Image Source : PTI

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से भीषण तबाही मची है। धराली गांव में लोगों के घर और होटल बह गए हैं। हालात की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पल-पल के अपडेट ले रहे हैं और राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बताया है कि जिला प्रशासन, भारतीय सेना, NDRF एवं SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। 

भारी नुकसान हुआ, कई लोगों की जान गई

खबर लिखे जाने तक 10 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है और 40 लोग लापता बताए जा रहे हैं। 100 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बादल फटने की घटना के तमाम वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें भयावह हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

बादल फटने के बाद हुई तबाही के 5 वीडियोज-

पीएम मोदी ने बादल फटने पर क्या कहा?

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।"

गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कहा?

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "उत्तराखंड के धराली (उत्तरकाशी) में फ्लैश फ्लड की घटना को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात कर घटना की जानकारी ली। ITBP की निकटतम 3 टीमों को वहां भेज दिया गया है, साथ ही NDRF की 4 टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुंचकर बचाव कार्य में लगेंगी।"

सीएम धामी का भी सामने आया बयान

राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, NDRF, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। इस सम्बन्ध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूं और स्थिति की गहन निगरानी की जा रही है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।"

धामी ने कहा, "धराली (उत्तरकाशी) के प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, भारतीय सेना, NDRF एवं SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। प्राथमिकता के आधार पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत