1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: बारिश ने रोकी वंदे भारत की रफ्तार, रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 7 घंटे बाद हुई रवाना

VIDEO: बारिश ने रोकी वंदे भारत की रफ्तार, रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 7 घंटे बाद हुई रवाना

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 06, 2025 12:23 pm IST,  Updated : Jul 06, 2025 12:23 pm IST

ओडिशा के कई जिलों में बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। वंदे भारत ट्रेन भी इससे बच नहीं सकी। शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश की वजह से रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया, जिस वजह से सात घंटे तक वंदे भारत ट्रेन को रोकना पड़ा।

रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से रोकनी पड़ी ट्रेन।- India TV Hindi
रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से रोकनी पड़ी ट्रेन। Image Source : INDIA TV

क्योंझर: ओडिशा के क्योंझर जिले में शनिवार को दिन भर मूसलधार बारिश हुई। बारिश ने आम लोगों के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश इतनी तेज थी कि रेलवे ट्रैक पर करीब 3 फीट तक पानी बहने लगा। वहीं रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने की वजह से वंदे भारत ट्रेन की भी रफ्तार थम गई। बारिश की वजह से हुए जलभराव से टाटानगर से बेरहमपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को शाम लगभग 7 बजे के आसपास गुहालीडिही स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में हलचल मच गई।

सात घंटे तक खड़ी रही ट्रेन

वहीं वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रहे यात्री लंबे समय तक ट्रेन में अटके रहे। हालांकि, किसी यात्री को कोई गंभीर परेशानी नहीं हुई, लेकिन मौसम और इंतजार ने स्थिति को तनावपूर्ण बना दिया। रेलवे ट्रैक पर पानी का बहाव अधिक होने के कारण ट्रेन को आगे बढ़ाना असुरक्षित था, इसलिए उसे बीच में ही रोकना पड़ा। काफी समय तक ट्रैक पर पानी कम होने का इंतजार किया गया, लेकिन जब देर तक हालात नहीं सुधरे, तब रेलवे विभाग ने एक रेस्क्यू इंजन की व्यवस्था की। इसके बाद ट्रेन को केन्दुझरगढ़ स्टेशन तक पहुंचाया।

रेलवे ट्रैक पर भर गया पानी

जानकारी के मुताबिक करीब 7 घंटे तक ट्रेन बीच में ही खड़ी रही। काफी देर के बाद देर रात वंदे भारत ट्रेन को आखिरकार आगे रवाना किया गया। भारी बारिश की स्थिति में रेल यातायात प्रभावित हो गया, इससे निपटने के लिए प्रशासन को और भी तेज निर्णय लेने की ज़रूरत पड़ी। अच्छी बात यह रही कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। रेलवे विभाग हमेशा यात्रियों से अपील करता आया है कि मौसम खराब होने पर यात्रा से पहले स्थिति की जानकारी लें और सावधानी बरतें। बता दें कि ओडिशा के कई जिलों में फिलहाल बारिश का दौर जारी है, और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (इनपुट- शुभम कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत