1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा समेत इन जगहों पर कोल्ड डे का अलर्ट, 9 राज्यों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान

हरियाणा समेत इन जगहों पर कोल्ड डे का अलर्ट, 9 राज्यों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान

 Published : Feb 08, 2024 06:55 am IST,  Updated : Feb 08, 2024 07:06 am IST

IMD Weather Update: मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में कड़ाके की सर्दी पड़ने का अलर्ट जारी किया है। ठंडी हवाएं चलने की वजह से उत्तर भारत में आज घने कोहरे से राहत मिली है।

हरियाणा समेत इन राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट- India TV Hindi
हरियाणा समेत इन राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट Image Source : PTI

IMD Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाएं चलने की वजह से आज कोहरे से राहत मिली है। हालांकि पूर्वोत्तर के राज्यों में कोहरा पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में सुबह के समय घना कोहरा देखा जा रहा है। इन राज्यों में अगले 48 घंटे के दौरान सुबह के समय कोहरे से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। 

इन राज्यों में कंपकंपा देने वाली सर्दी

ठंडी हवाएं चलने की वजह से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कड़ाके की सर्दी पड़ी रही है। हिमाचल, दक्षिणी हरियाणा और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में सुबह के समय पाला पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों, उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 4-8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा जोकि सामान्य से नीचे है। करनाल (हरियाणा) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.2°C दर्ज किया गया।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कुछ जगहों से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश भी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आज सुबह से घने कोहरे से राहत मिली है। मौसम कार्यालय ने आसमान साफ रहने और दिन में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं आज भी चलने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।  दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। 

यहां देखे मौसम के सभी अपडेट्स- मौसम का हाल

कश्मीर में शीतलहर से राहत नहीं

वहीं, जम्मू-कश्मीर के लोगों को आज भी भीषण शीतलहर से कोई राहत नहीं मिली। घाटी में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में स्थित पहलगाम घाटी में सबसे सर्द स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग रिसॉर्ट में पारा शून्य से नीचे 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले यह शून्य से नीचे 10.5 डिग्री सेल्सियस था। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग और काजीगुंड में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 4.3 डिग्री और शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत