1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हो जाएं सावधान! ठंड के बीच जमकर बरसेंगे बादल, दिल्ली-NCR और यूपी समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट, कंपकंपाएगी सर्दी

हो जाएं सावधान! ठंड के बीच जमकर बरसेंगे बादल, दिल्ली-NCR और यूपी समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट, कंपकंपाएगी सर्दी

 Published : Dec 22, 2024 06:56 am IST,  Updated : Dec 22, 2024 08:29 am IST

उत्तर भारत के कई राज्यों का मौसम बदलने वाला है। पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फबारी हो रही है। वहीं, अब मैदानी इलाकों में अब घने बादल छाएं रहेंगे। मौसम विभाग ने ठंड के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Rain Alert- India TV Hindi
बारिश का अलर्ट Image Source : FILE PHOTO

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में बारिश होने वाली है। बारिश के साथ ही कड़ाके की ठंड भी बढ़ जाएगी। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश के साथ ही अगले पांच से सात दिनों तक शीतलहर (Cold Wave) चलने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक देने वाला है। इसके चलते मौसम में बदलाव आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मंगलवार को घना कोहरा हो सकता है। मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। 

बारिश के साथ ही चलेगी शीतलहर

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में 26 दिसंबर (गुरुवार) और 27 दिसंबर (शुक्रवार) को भी बारिश हो सकती है। बारिश के चलते एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और मध्य प्रदेश में कड़ाके की शीतलहर देखने को मिलेगी। 

तापमान में आएगी और गिरावट

रविवार को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। रविवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने के साथ तापमान में गिरावट आ सकती है। साथ ही ठंडी हवाएं भी चलेंगी।

देश के इन हिस्सों में हो रही बारिश

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी, रायलसीमा में बारिश हो रही है। ओडिशा, तटीय गंगीय पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों में बारिश का अलर्ट है।

हिमाचल में भी बर्फबारी के बीच बारिश का अलर्ट

स्थानीय मौसम विभाग ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में 23, 24 दिसंबर और 27 तक कुछ स्थानों पर बर्फबारी और बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 24 दिसंबर तक ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में कुछ स्थानों पर औरेंज अलर्ट जारी किया है। 25 दिसंबर तक चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में कुछ स्थानों पर शीतलहर और पाला पड़ने के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

कश्मीर में बर्फ की चादर में ढके पहाड़

कश्मीर में कड़ाके की ठंड की अवधि ‘चिल्लई कलां’ से एक दिन पहले घाटी में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया। श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे से थोड़ा कम है। कड़ाके की ठंड के कारण कई इलाकों में जलापूर्ति लाइन और डल झील जम गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत