1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली और यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में बारिश/बर्फबारी के आसार, मध्य भारत में जारी रहेगी शीतलहर

दिल्ली और यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में बारिश/बर्फबारी के आसार, मध्य भारत में जारी रहेगी शीतलहर

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 12, 2025 07:09 am IST,  Updated : Dec 12, 2025 07:09 am IST

दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कोहरे के चलते लोगों को परेशानी हो सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भीषण ठंड परेशानी बन सकती है। मध्य भारत में भी शीतलहर जारी रहने के आसार हैं।

Representative Image- India TV Hindi
कोहरा (फाइल फोटो) Image Source : PTI

12 दिसंबर की सुबह उत्तर प्रदेश में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि असम, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में 13 से 17 दिसंबर तक हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 14 दिसंबर को हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। अंडमान-निकोबार में 11 से 14 दिसंबर तक गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

18 से 24 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर-पश्चिमी भाग पर रहेगा, जिससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी मैदानों में कुछ स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। हालांकि, पूरे भारत में वर्षा सामान्य से कम होगी, लेकिन पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उसके आसपास के मैदानों में सामान्य या उससे ज्यादा बारिश होने के आसार हैं।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानों में सामान्य तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद चार दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ सकता है। मध्य भारत में 24 घंटों के बाद चार दिनों में 2-4 डिग्री तक पारा बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में दो दिनों में कोई बदलाव नहीं है, उसके बाद 2-3 डिग्री तापमान बढ़ सकता है। सात दिनों में भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री कम रह सकता है। हालांकि, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान 1-3 डिग्री ज्यादा रह सकता है।

इन राज्यों में शीत लहर की चेतावनी

12 और 13 दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शीत लहर का अलर्ट है। 12 से 14 दिसंबर को तेलंगाना और उत्तर कर्नाटक में शीत की स्थिति रहेगी। इस दौरान लोगों को सावधानी बरतने, पोषण युक्त भोजन लेने, ठंड से बचने, बाहर जाते समय शरीर के खुले हिस्सों को ढकने की सलाह दी गई है। 19 से 25 दिसंबर के बीच आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में शीत स्थिति रहेगी।

इन जगहों के लिए अलर्ट जारी

पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में दो दिनों तक शीत लहर का अलर्ट है। वहीं, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में तीन दिनों तक शीत लहर का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश में बहुत घना कुहासा गिर सकता है। हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राज्यों में घने कुहासे का अलर्ट है। लोगों को 12 से 15 दिसंबर तक सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

यह भी पढ़ें-

देश की अदालतों में 5.49 करोड़ से अधिक केस लंबित, सिर्फ SC में 90,000 से ज्यादा मामले

संसद में ई-सिगरेट पीने वाले सांसद कौन? गिरिराज सिंह ने किया ये दावा

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत