1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली समेत 10 राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट, जानिए आपके इलाके में 26 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली समेत 10 राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट, जानिए आपके इलाके में 26 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम

 Published : Jan 24, 2024 07:28 pm IST,  Updated : Jan 24, 2024 07:42 pm IST

दिल्ली समेत देश के 10 राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। साथ में बताया है कहां-कहां कोहरा पड़ेगा।

शीतलहर लगातार जारी है- India TV Hindi
शीतलहर लगातार जारी है Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली-हरियाणा-पंजाब समेत देश के कई राज्यों में शीतलहर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के लिए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के अधिकांश स्थानों पर भी कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा कि 25 और 26 जनवरी को कोल्ड डे की संभावना है। इसके साथ ही अगले पांच दिन उत्तर भारत में कोहरे से राहत मिलने वाली नहीं है।

यहां पड़ रही कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि आज पंजाब के अधिकांश हिस्सों में, उत्तरी हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार का न्यूनतम तापमान 7-10°C दर्ज किया गया। बुधवार को अंबाला (हरियाणा) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4°C दर्ज किया गया। 

यहां पर कोहरा छाया रहेगा

मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा-पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, मेघालय और त्रिपुरा में अगले दो दिन तक सुबह के दौरान घना कोहरा देखने को मिलेगा।

यहां बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सिक्किम और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 28 जनवरी तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बृहस्पतिवार से बर्फबारी होने की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को पहाड़ियों के कुछ ऊंचे और निचले इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। रविवार को पूरे राज्य में अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।  

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में बुधवार को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली और राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में जनवरी में अब तक पांच ठंडे दिन और पांच शीतलहर वाले दिन अनुभव किए गए हैं जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक है। आईएमडी के अनुसार, शहर में मुख्यतः आसमान साफ रहा और मध्यम कोहरा देखा गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत