1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में तेज ठंड का आगाज, 6 डिग्री पहुंचा पारा, अभी और गिरेगा, इन राज्यों में भी बढ़ी ठिठुरन

दिल्ली में तेज ठंड का आगाज, 6 डिग्री पहुंचा पारा, अभी और गिरेगा, इन राज्यों में भी बढ़ी ठिठुरन

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 16, 2022 09:26 am IST,  Updated : Dec 16, 2022 09:26 am IST

देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का दौर बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई दिनों लगातार बर्फबारी और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिनों तक लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ बारिश के आसार हैं।

दिल्ली में तेज ठंड का आगाज- India TV Hindi
दिल्ली में तेज ठंड का आगाज Image Source : FILE

देश के कई इलाकों में तापमान तेजी से गिर रहा है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और बर्फीली हवाओं ने अचानक तापमान को गिरा दिया। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच तापमान 6 डिग्री पर पहुंच गया है। कई अन्य राज्यों में भी ठिठुरन बढ़ गई है। जानिए कहां कैसे हैं मौसम के हाल।

देश के लगभग सभी राज्यों में तापमान लुढ़क रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आज उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके अलावा, अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य भारत के कई राज्यों के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 

राजधानी दिल्ली में और गिरेगा पारा, छाएगा कोहरा 

देश की राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ गई है। गुरुवार की सुबह इस सीजन की सबसे सर्द सुबह में दर्ज हुई। 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है। आज दिल्ली में आसमान साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, कल यानी 17 दिसंबर को दिल्ली में कोहरा देखने को मिल सकता है।

प्रदूषण से मिली राहत, AQI में मध्यम पहुंचा 

राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ी, लेकिन प्रदूषण से काफी राहत मिली है। हवा में सुधार के साथ AQI मध्यम श्रेणी में पहुंच गया है। कल शाम 5 बजे के करीब दिल्ली के ITO इलाके में AQI 106 दर्ज किया गया। इसके अलावा IGI एयरपोर्ट इलाके में AQI 140 रहा।

यूपी: लखनऊ में छाएगा कोहरा, गाजियाबाद में ऐसा रहेगा तापमान

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया जाएगा। साथ ही, लखनऊ में आज कोहरा देखने को मिलेगा। गाजियाबाद की बात करें तो यहां भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया जाएगा। गाजियाबाद में भी सुबह के वक्त कोहरा रहेगा। वहीं, दिन में आसमान साफ रहने के आसार हैं।

इन राज्यों में शीतलहर के आसार 

मौसम विभाग के मुताबिक, 16 से 18 दिसंबर तक पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश: मनाली में 2 डिग्री तक रहेगा तापमान

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। वहीं, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।. दक्षिण गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में हल्की बारिश संभव है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत