1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा? यूपी के सीएम योगी ने बताया

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा? यूपी के सीएम योगी ने बताया

 Published : Nov 08, 2022 08:41 pm IST,  Updated : Nov 08, 2022 08:41 pm IST

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल प्रदेश में चुनावी प्रचार के दौरान ये बताया कि अयोध्या के राम मंदिर निर्माण का काम कब तक पूरा हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि मंदिर निर्माण के लिए एक प्रस्ताव सबसे पहले भाजपा ने पालमपुर में पारित किया था।

CM Yogi- India TV Hindi
सीएम योगी Image Source : FILE

धर्मशाला: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल प्रदेश में प्रचार के दौरान मंगलवार को बताया है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का काम कब तक पूरा हो जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि मंदिर का आधा काम पूरा हो चुका है और यह 2023 के आखिर तक पूरा हो जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए एक प्रस्ताव सबसे पहले भाजपा ने पालमपुर में पारित किया था। दरअसल सीएम योगी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार त्रिलोक कपूर के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। 

सीएम योगी ने पालमपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'आज मुझे आपको यहां से यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का आधा काम हो चुका है और 2023 के अंत तक 500 से अधिक वर्षों के इंतजार के बाद एक भव्य मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा।' 

सीएम योगी ने कहा कि मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और मजबूत नेतृत्व की वजह से हुआ है। उन्होंने अन्नी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लोकेंद्र कुमार के लिए भी प्रचार किया। अन्नी में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की धाक बढ़ रही है और आज दुनिया की कोई भी समस्या बिना उसकी भागीदारी के हल नहीं हो सकती। 

दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत: योगी

उन्होंने कहा कि भारत ग्रेट ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी केवल ‘एक परिवार तक’ सीमित है जबकि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को अपना परिवार समझते हैं। हिमाचल में भाजपा के सत्ता में वापस आने की जरूरत बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ वाली सरकार में राज्य में हर ओर विकास हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत