Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Year Ender 2024: साल की वो बड़ी घटनाएं, जिनसे हैरान रह गया देश

Year Ender 2024: साल की वो बड़ी घटनाएं, जिनसे हैरान रह गया देश

Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Dec 26, 2024 08:16 pm IST, Updated : Dec 26, 2024 08:28 pm IST

Year Ender 2024: इस साल की कुछ घटनाएं न सिर्फ देशभर में चर्चा का विषय बनीं, बल्कि इनसे सरकार के साथ-साथ आम जनता भी हैरान रह गई।

2024 की बड़ी घटनाएं- India TV Hindi
2024 की बड़ी घटनाएं

Year Ender 2024: 2024 का साल देश के लिए बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटनाओं से भरा रहा। इस साल की कुछ घटनाएं न सिर्फ देशभर में चर्चा का विषय बनीं, बल्कि इनसे सरकार के साथ-साथ आम जनता भी हैरान रह गई। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ प्रमुख घटनाओं के बारे में, जिनसे देशभर में हलचल मच गई।

कोलकाता रेप कांड: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 9 अगस्त की रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना देशभर के लोगों में आक्रोश का कारण बनी। राज्यव्यापी प्रदर्शन हुए और और सरकार से सख्त कानून बनाने की मांग की गई। इस कांड ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।

वायनाड भूस्खलन: केरल के वायनाड जिले में 30 जुलाई की रात एक भीषण भूस्खलन हुआ। इस भीषण त्रासदी में कई किलोमीटर तक का क्षेत्र पूरी तरह तबाह हो गया। इस भूस्खलन में 231 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हुई। बताया गया है कि इसमें मरने वालों की संख्या 420 से ज़्यादा है। घटना के बाद कई इलाकों में बचाव अभियान चलाया गया। बर्बादी का मंजर दिल दहला देने वाला था। इस त्रासदी में लगभग 1200 करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया। 

कर्नाटक में प्रेमिका के 59 टूकड़े कर फ्रिज में रखा: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में महालक्ष्मी की हत्या से पूरा देश सहम गया। आरोपी ने अपनी प्रेमिका महालक्ष्मी की हत्या कर उसके शरीर के 59 टुकड़े कर दिए और उन्हें फ्रिज में रख दिया था। हत्यारे ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि वह यह क्रूर अपराध इसलिए किया, क्योंकि वह महालक्ष्मी के व्यवहार से तंग आ चुका था और 3 सितंबर को उसकी हत्या की थी।  

तिरुपति लड्डू विवाद: तिरुपति मंदिर के प्रसाद लड्डू में जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल को लेकर विवाद सामने आया। यह विवाद 18 सितंबर से शुरू हुआ, जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया था कि तिरुपति के प्रसाद में चर्बी मिलाई जा रही है। इस विवाद ने तिरुपति मंदिर प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया और मंदिरों के प्रसाद पर एक बड़ी बहस छिड़ गई।

रियासी आतंकी हमला: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के पौनी इलाके में 9 जून को एक बस पर आतंकवादियों ने हमला किया था। बस शिव खोरी से कटरा जा रही थी, तभी आतंकियों ने गोलीबारी की थी। हमले के बाद बस खाई में जा गिरी, जिसमें एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई थी।

हाथरस भगदड़ कांड: उत्तर प्रदेश के हाथरस में 2 जुलाई को सत्संग के बाद मची भगदड़ में 123 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक धार्मिक सतसंग के दौरान हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें भारी भगदड़ मच गई और लोग दबकर मारे गए। घटना के बाद सत्संग करने वाला भोले बाबा उर्फ नारायण साकार हरि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शिफ्ट हो गया।

इतिहास का सबसे गर्म साल: 2024 को अब तक का सबसे गर्म साल बताया गया है। जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया भर में तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखी गई। भारत भी इससे अछूता नहीं रहा, जहां जुलाई और अगस्त महीने में भीषण गर्मी ने लोगों को प्रभावित किया।

ये भी पढ़ें-

Year Ender 2024: इस साल भारत की राजनीति में हुई 10 सबसे बड़ी घटनाएं, यहां देखें पूरी लिस्ट

Year Ender 2024: इस साल देश और दुनिया में इन 10 मुद्दों पर रही सबसे ज्यादा चर्चा, देखें लिस्ट

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement