1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सिद्धू की ताजपोशी में जा रहे कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं की सड़क हादसे में मौत

सिद्धू की ताजपोशी में जा रहे कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं की सड़क हादसे में मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 23, 2021 06:56 pm IST,  Updated : Jul 23, 2021 06:56 pm IST

पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार को एक निजी बस और पंजाब रोडवेज की बस की आमने-सामने की टक्कर में कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं की मौत हो गई।

Congress Workers Killed, Congress Workers Killed Navjot Sidhu, Navjot Sidhu- India TV Hindi
पंजाब के मोगा जिले में एक निजी बस और पंजाब रोडवेज की बस की आमने-सामने की टक्कर में कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। Image Source : TWITTER

चंडीगढ़: पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार को एक निजी बस और पंजाब रोडवेज की बस की आमने-सामने की टक्कर में कांग्रेस के 3 कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में कम से कम 50 लोग घायल भी हुए हैं। ये लोग मिनी बस में यात्रा कर रहे थे और मोगा जिले के जीरा से चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के राज्याभिषेक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

पुलिस ने बताया कि अधिकांश घायलों को चंडीगढ़ से करीब 175 किलोमीटर दूर मोगा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से कुछ को फरीदकोट शहर के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मोगा जिला प्रशासन को मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मामूली रूप से घायल सभी लोगों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण मिनी बस चालक द्वारा लापरवाही से गाड़ी चलाना बताया जा रहा है।


सिद्धू ने संभाल लिया प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष पद
सिद्धू ने शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अमरिंदर सिंह भी मौजूद थे जिनसे हाल के दिनों में सिद्धू के टकराव की खबरें आ रही थीं। पंजाब कांग्रेस के नए कार्यकारी अध्यक्षों संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा ने भी चंडीगढ़ में स्थित पार्टी के मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में कार्यभार संभाला। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा और लाल सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत