1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. AAP विधायक मोहनिया को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच हिरासत में लिया गया

AAP विधायक मोहनिया को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच हिरासत में लिया गया

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 25, 2016 01:47 pm IST,  Updated : Jun 25, 2016 05:44 pm IST

संगम विहार के विधायक दिनेश मोहनिया को आज दिल्ली पुलिस ने महिलाओं के एक समूह से कथित तौर पर दुव्र्यवहार करने के आरोप में हिरासत में ले लिया।

aap mla- India TV Hindi
aap mla

नयी दिल्ली: संगम विहार के विधायक दिनेश मोहनिया को आज दिल्ली पुलिस ने महिलाओं के एक समूह से कथित तौर पर दुव्र्यवहार करने के आरोप में हिरासत में ले लिया। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष मोहनिया को दक्षिणी दिल्ली के खानपुर स्थित अपने कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते समय पुलिस की एक टीम ने हिरासत में ले लिया।

विधायक पर 23 जून को महिलाओं के एक समूह से कथित बदसलूकी करने का आरोप है। महिलाओं का समूह अपने इलाके में जल संकट की शिकायत लेकर विधायक के पास गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त :दक्षिण: नूपुर प्रसाद ने कहा, महिलाओं के एक समूह की शिकायत के बाद नेब सराय पुलिस थाने में मोहनिया के खिलाफ भादंसं की धारा 323, 506 और 509 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। संगम विहार की रहने वाली शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मोहनिया और उनके सहयोगियों ने जल संकट की स्थिति में मदद मांगने पर उनके साथ हाथापाई की और उन्हें धमकाया।

मोहनिया ने अपने खिलाफ लगाये गये आरोपों को आधारहीन बताते हुए उन्हें खारिज किया। उन्होंने कहा, मैं पुलिस जांच में सहयोग के लिए तैयार हूं लेकिन मेरे खिलाफ लगाये गये आरोप निराधार है। वहीं तुगलकाबाद इलाके में कल 60 वर्षीय व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारने के लिए गोविंदपुरी पुलिस स्टेशन में भी मोहनिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

वहीं पार्टी का कहना है कि यह पहले ही साफ हो गया था कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मोहनिया सीधे नेब सराय थाने जाएंगें। ऐसे में पुलिस को कैमरे के सामने विधायक को गिरफ्तार करने की क्या जरूरत पड़ गई थी। पार्टी का यह मानना है कि मोहनिया के खिलाफ यह पूरा मामला झूठा बनाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत