1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. आप सांसद भगवंत मान ने मांगी बिना शर्त माफी

आप सांसद भगवंत मान ने मांगी बिना शर्त माफी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 22, 2016 03:31 pm IST,  Updated : Jul 22, 2016 03:31 pm IST

आवास से संसद भवन तक जाने के दौरान वीडियो बनाने और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में चौतरफा आलोचना झेल रहे आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद भगवंत मान ने शुक्रवार को बिना शर्त माफी मांग ली है।

maan- India TV Hindi
maan

नई दिल्ली: आवास से संसद भवन तक जाने के दौरान वीडियो बनाने और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में चौतरफा आलोचना झेल रहे आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद भगवंत मान ने शुक्रवार को बिना शर्त माफी मांग ली है। मान ने कहा कि उनसे अनजाने में गलती हो गई। उन्होंने कहा कि चूंकि सदन में उन्हें बोलने नहीं दिया गया इसलिए उन्होंने माफी की चिट्ठी स्पीकर को दे दी है।

आप सांसद ने हालांकि फिर कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया। इस बीच भाजपा के सांसद महेश गिरी और किरीट सोमैया ने मान के खिलाफ के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस दिए।

वहीं, मान ने अपना बचाव करते हुए कहा कि वह सिर्फ सदन के भीतर की कार्यवाही और इस बारे में बताना चाहते थे और प्रश्नों का चयन किस प्रकार लकी ड्रॉ से होता है।

मान ने गुरुवार को आवास से संसद भवन जाने के दौरान मोबाइल फोन से वीडियो बनाया था, जिस दौरान वह विभिन्न सुरक्षा चौकियों से गुजरे। बाद में उन्होंने यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसे लेकर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। उनके इस कृत्य को संसद की सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक माना जा रहा है।

वीडियो क्लिप में मान कमेंट्री करते सुने जा रहे हैं। वह वीडियो की शुरुआत में कहते हैं, "मैं आपको कुछ ऐसा दिखाउंगा जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।"

संसद परिसर के अंदर वह एक कमरे में जाते हैं, जहां संसद में उठाए जाने वाले सवालों का चयन होता है। जब वह प्रक्रिया के बारे में बता रहे होते हैं तो एक सुरक्षा अधिकारी को उन्हें तस्वीर लेने से मना करते हुए सुना गया, जिसके जवाब में मान कहते हैं, "मैं तस्वीर नहीं लूंगा। मैं गोपनीयता बनाए रखूंगा।"

वीडियो में वह कहते हैं कि प्रक्रिया बिल्कुल पारदर्शी है और दिखाते हैं कि कैसे लकी ड्रा के जरिए प्रश्नों का चयन होता है। एक समय वह यह भी कहते सुने गए हैं।

इस मुद्दे को लेकर मान की निंदा करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकबी ने कहा, "किसी को संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। इस तरह के वीडियो को वायरल करना सही नहीं है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत